नितिन गुप्ता-

कल शाम जानकीपुल के आयोजन में शशिभूषण द्विवेदी स्मृति सम्मान 2023 युवा कथाकार दिव्या विजय को सगबग मन के लिये दिया गया। आयोजन बहुत ही भावपूर्ण और सार्थक कहा जायेगा। शशिभूषण द्विवेदी को याद करने वाले और प्रभात रंजन और जानकीपुल के मित्र प्रशंसक बड़ी संख्या में पहुंचे।
अशोक वाजपेयी जी, प्रियदर्शन जी, ममता कालिया जी और मनीषा कुलश्रेष्ठ जी ने दिव्या विजय की दृष्टि, वैश्विक रचनाशीलता और कथा सामर्थ्य की भरपूर प्रशंसा के साथ उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाऐं भी दी। वहां इस बात पर भी चर्चा की गयी की किस प्रकार से दिव्या विजय का इस सम्मान के लिये चयन किया। मेरे लिये अशोक जी को सुनना हमेशा से ही एक अलग तरह का अनुभव रहा है हर बार वह अपने अन्दाज में गंभीर चर्चा को रोचक तरीके से पेश करते हैं। इसी कार्यक्रम में दिव्या विजय की एक कहानी की प्रभावशाली मंच प्रस्तुति भी की गयी। प्रभात रंजन जी और जानकीपुल की पूरी टीम को बहुत शुभकामनाऐं।
वाणी प्रकाशन-
‘जानकी पुल’ ट्रस्ट द्वारा लेखक शशिभूषण द्विवेदी की स्मृति में वर्ष 2023 का पहला पुरस्कार वाणी प्रकाशन ग्रुप (वाणी प्रकाशन, भारतीय ज्ञानपीठ की पुस्तकें और यात्रा बुक्स) की चर्चित कहानीकार दिव्या विजय के कहानी-संग्रह ‘सगबग मन’ को ‘शशिभूषण द्विवेदी सम्मान 2023’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान आदरणीय अशोक वाजपेयी, ममता कालिया, मनीषा कुलश्रेष्ठ व प्रियदर्शन की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। साथ ही ‘सगबग मन’ पुस्तक पर परिचर्चा और नाट्य प्रस्तुति भी की गयी।

वाणी प्रकाशन ग्रुप (वाणी प्रकाशन, भारतीय ज्ञानपीठ व यात्रा बुक्स) की ओर से दिव्या विजय को हार्दिक शुभकामनाएँ!
‘जानकी पुल’ के संस्थापक ट्रस्टी प्रभात रंजन जी और रोहिणी कुमारी जी को हार्दिक आभार!
आपको बताते हुए प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है कि दिव्या विजय जी कि अगली पुस्तक वाणी प्रकाशन ग्रुप द्वारा प्रकाशित की जा रही है। यह घोषणा वाणी प्रकाशन ग्रुप के चेयरमैन व प्रबन्ध निदेशक श्री अरुण माहेश्वरी की ओर से ग्रुप कार्यकारी निदेशक श्रीमती अदिति माहेश्वरी की ओर द्वारा की गयी।


