आगरा। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हर्षदेव का गुरुवार सुबह इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्होंने आगरा के कारगिल हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से देशभर के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
डॉ. हर्षदेव का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम शाहगंज स्थित मल्ल का चबूतरा विद्युत शवदाह गृह में शोकाकुल माहौल में किया गया, जहां बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक और पत्रकार साथी मौजूद रहे।

डॉ. हर्षदेव ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत अमर उजाला से की थी और लंबे समय तक वरिष्ठ पत्रकार के रूप में सेवाएं दीं। 1980 के दशक में उन्होंने सांध्य दैनिक समेत कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में काम किया। आगरा, जयपुर और दिल्ली में रहते हुए उन्होंने पत्रकारिता की नई पीढ़ी को प्रशिक्षित किया। दिल्ली से सेवानिवृत्त होने के बाद वे आगरा लौट आए थे और पश्चिमपुरी क्षेत्र में निवास कर रहे थे। वे विभिन्न समाचार पत्रों के संपादक भी रहे।
बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी डॉ. हर्षदेव ने पत्रकारिता और जनसंचार विषय पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी लिखीं। वे अपने पीछे पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी उठावनी शुक्रवार अपराह्न तीन बजे पश्चिमपुरी स्थित राधे हाईट्स पर होगी।
रांची। वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद और रांची विश्वविद्यालय के पूर्व प्रो वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ. वेद प्रकाश शरण का गुरुवार तड़के निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे। उन्होंने रांची के दीपाटोली स्थित क्यूरेस्टा अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से शिक्षा, पत्रकारिता और राजनीतिक जगत में शोक व्याप्त है।

परिजनों के अनुसार, डॉ. शरण वर्ष 2021 से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से इलाज चल रहा था। वे अपने पीछे पुत्री और दामाद को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को हरमू मुक्तिधाम में किया जाएगा।
डॉ. वेद प्रकाश शरण का जीवन शिक्षा और पत्रकारिता को समर्पित रहा। वे रांची विश्वविद्यालय में प्रो वाइस चांसलर के पद पर कार्यरत रहे। इससे पूर्व उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। इसके साथ ही वे सेंट जेवियर्स कॉलेज में पत्रकारिता विभाग के निदेशक भी रहे।
पत्रकारिता के क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के लिए उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वे रांची प्रेस क्लब के संस्थापक संयुक्त सचिव थे और लंबे समय तक पत्रकारों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे। रांची प्रेस क्लब ने उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।


