Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

सुख-दुख

गंगोत्री और केदारनाथ की यात्रा : एक संस्मरण

रासबिहारी पाण्डेय

बहुत दिनों से उत्तराखंड भ्रमण की इच्छा थी। वैसे तो उत्तराखंड को देवभूमि कहा गया है। यहाँ बहुतेरे तीर्थस्थल और ऐतिहासिक महत्त्व के दर्शनीय स्थल हैं लेकिन उन सबमें यमुनोत्री, गंगोत्री,  केदारनाथ और बदरीनाथ प्रमुख हैं। अक्सर ये यात्राएं लोग समूह में करते हैं, बसों से या छोटी गाड़ियाँ रिजर्व करके। ये बस और छोटी गाड़ियों वाले ड्राइवर यात्रियों को एक निश्चित समय देते हैं जिसके भीतर यात्रियों को लौटकर एक निश्चित स्थान पर आना होता है। मेरे एक मित्र ने बताया कि निश्चित समय होने की वजह से कभी कभी कई लोग बिना दर्शन लाभ लिए बीच रास्ते से ही लौटकर उक्त स्थान पर चले आते हैं ताकि अगली यात्रा के लिए प्रस्थान कर सकें।

पंचायत धर्मशाला में पहचान पत्र दिखाकर मुझे बिना किसी अन्य पूछताछ के तीन सौ रुपये में रात भर के लिए एक कमरा मिल गया। मैंने शाम चार बजे इतमीनान से तीन चार बाल्टी पानी लेकर स्नान किया और उसके पश्चात गंगा तट पर घूमने निकला। वहाँ क्या देखता हूँ कि गंगा के तट पर बने आश्रमों के बड़े बड़े नाले सीधे गंगा की ओर खुले हुए हैं….वह तो गंगा का प्रवाह वहाँ इतना तेज है कि इस गंदगी से यहाँ का तट बहुत कम प्रदूषित दिख रहा है…वैसे प्रदूषण है, यह भी तो क्षमा के योग्य नहीं। वहाँ से बस स्टैंड की ओर बढ़ा ताकि रात में ही सीट बुक करायी जा सके पर वहाँ  जाने पर पता चला कि सुबह छह बजे श्रीनगर जानेवाली उस मिनी बस की सारी सीटें भर चुकी हैं। दूसरी बस साढ़े आठ बजे जाती है लेकिन 50-60 किलोमीटर घूमकर चम्बा के रास्ते से जाती है और शाम तक पहुँचती है। मुझे काटो तो खून नहीं।

एक सज्जन ने कहा- आप टैक्सी स्टैंड चले जाइए, वहाँ से भी श्रीनगर के लिए साधन मिल सकता है। वहाँ पहुँचा तो पता चला कि एक जीप सुबह श्रीनगर जा रही है लेकिन उसमें सवारी फुल हो चुकी है। मैंने ड्राइवर से मिलकर कहा कि एक सीट का जुगाड़ करो तो उसने कहा कि चूँकि पाँच घंटे का रास्ता है इसलिए मैनेज नहीं हो सकता। आप सुबह आइए, कभी कभी सीट बुक करनेवाली सवारियाँ नहीं आतीं तो हम दूसरी सवारियाँ बिठा लेते हैं। मैं चिंता में पड़ गया…रात में खाना खाने के बाद धर्मशाला पहुँचा, मोबाइल में सुबह चार बजे का अलार्म लगाया और सो गया।

सुबह नित्य क्रिया और स्नान के पश्चात स्वच्छ मन से हनुमान चालीसा पढ़ते हुए टैक्सी स्टैंड की ओर रवाना हुआ। रात वाला ड्राइवर बाहर ही खड़ा मिला….कहने लगा कि एक सज्जन पाँच सवारी की बात करके गए थे, अभी उनका कुछ पता ही नहीं है। दूसरे ड्राइवरों ने कहा कि जो आता है उसे बिठा लो, नहीं तो ये भी लोग चले जाएंगे….उसने कहा- हाँ पाँच बजे का टाइम दिया था उनको, साढ़े पाँच बज गए, अभी तक नहीं आए। मेरे अलावा दो और लोग थे जो ड्राइवर से बार बार पूछ रहे थे कि बिठाओगे या कोई और रास्ता देखें…अंततः ड्राइवर ने हमें बिठा लिया क्योंकि रात में बात करके गए बाकी लोग आ चुके थे। जीप चलने को हुई तो वे सज्जन स्टैंड में पहुँचे और कहने लगे कि मैं पाँच सीट की बात करके गया था।

ड्राइवर ने कहा कि आप समय से नहीं आए इसलिए मैंने दूसरी सवारी बिठा ली। आप दूसरी टैक्सी रिजर्व में देख लें। हमारे सामने ही उन्होंने श्रीनगर के लिए तीन हजार में एक टैक्सी बुक किया और लेकर घर की ओर रवाना हुए। यानी 12 सवारी का पैसा उन्हें पाँच लोगों के लिए ही अदा करना पड़ा। हमारी जीप रवाना हो चुकी थी। पहाड़ों के किनारों को काटकर बनाई हुई यह वह सड़क थी जिस पर ड्राइविंग में हुई गलती की सजा जान की कीमत देकर ही चुकानी थी। सड़क के किनारों पर कोई  मजबूत बैरिकेटिंग नहीं थी जो जीप के असंतुलन को थोड़ा भी सम्हाल पाती। रास्ते गंगोत्री वाले रूट की तरह ही घुमावदार और अंधे मोड़ वाले थे। पहाड़ों को काटकर खेत बनाए हुए दिख रहे थे जिनमें कुछ पौधे उगे हुए थे। दूर से यह समझ में नहीं आ रहा था कि किस चीज की खेती की गई है लेकिन पहाड़ों पर चौड़ी सीढ़ियों की तरह बने ये खेत देखने में बहुत सुंदर लग रहे थे। एक बजे तक हमारी जीप श्रीनगर पहुँच गई।

हमने 250 रुपये किराया अदा किया और सोनप्रयाग की बस की खोज में निकल पड़े। कई लोगों से बात करने पर पता चला कि सोनप्रयाग के लिए कोई सीधी बस नहीं मिलेगी। यहाँ से रुद्रप्रयाग जाइए, वहाँ से गुप्तकाशी और फिर वहाँ से सोनप्रयाग। रुद्रप्रयाग के लिए एक छोटी बस खड़ी थी। मैं उसमें जाकर बैठ गया। 50रुपये टिकट था। कोई डेढ़ घंटे में बस रुद्र प्रयाग पहुँची। यह बस उसी तरह के पहाड़ी रास्ते पर चल रही थी। हाँ, अब नीचे से बहती हुई मंदाकिनी नदी दिख रही थी। हजारों फीट ऊपर से नीचे के नदी और पहाड़ों के दृश्य देखना बहुत अच्छा लग रहा था लेकिन रह रह कर यह सोचकर मन में सिहरन सी होती थी कि इन्हीं पहाड़ों से पत्थर गिरने और बसों के नीचे गिरने की खबरें आया करती हैं जिनमें किसी के जीवित बचने की खबर नहीं होती और लाशें भी बड़ी मुश्किल से मिलती हैं।

इसके आगे का पढ़ने के लिए नीचे क्लिक करें…

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs

Pages: 1 2 3 4 5 6 7 8 9

3 Comments

3 Comments

  1. Kashinath Matale

    August 6, 2017 at 12:01 pm

    रासबिहारी पाण्डेय
    bahot hi rochak aur romanchak yatra varnan hai.
    Safal Yatra ke liye Badhai.

  2. Kashinath Matale

    August 10, 2017 at 2:20 pm

    2016 ke February me hamare group ke 72 log Katara/ Maa Vaishnov Devi ke darshanarth gaye the.
    Dusre din hum log Shiv Khodi gupha (Katara se kariban 95 k.m. ) dekhne gaye the, vahapar bhi Pandav ke Swarg me jane ka rasta hai aisa bataya gaya tha. Aur Vahase Amarnath ke liye bhi rasta hai, parntu abhi bandh kiya hai aisi bhi jankari vahake pandit/pujari jee ne batai thi.

  3. श्याम सिंह रावत

    August 6, 2017 at 3:24 pm

    इस लेखमाला में यत्र-तत्र ‘गंगोत्तरी’ को ‘गंगोत्री’, ‘यमुनोत्तरी’ को ‘यमनोत्री’ और ‘बदरीनाथ’ को ‘बद्रीनाथ’ लिखा गया है। कहीं-कहीं ‘बदरीनाथ’ को सही भी लिखा गया है।

    ‘गंगोत्तरी’ का आशय है जहाँ गंगा अवतरित हुई, जबकि ‘गंगोत्री’ में ‘त्री’ तीन की संख्या को प्रदर्शित करता है। जिसकी यहाँ कोई प्रासंगिकता नहीं है।

    ‘बदरी’ बेर को कहा जाता है। किंवदंती के अनुसार यहाँ एक बदरी-वृक्ष के नीचे भगवान विष्णु ने शिव-पार्वती को शिशु रूप में दर्शन दिये थे। इसीसे इस स्थान का नाम ‘बदरीनाथ धाम’ पड़ गया।

    इसके अतिरिक्त एक और बात यह है कि पांडव केदारनाथ के रास्ते स्वर्ग नहीं गए थे। उन्होंने बदरीनाथ धाम से आगे माणा, वसुधारा होते हुए स्वर्ग जाने वाला यात्रापथ चुना था। जिसका अंतिम प्रस्थान बिंदु स्वर्गारोहणी आज भी वहाँ विद्यमान है। हालांकि विगत अनेक दशकों से वहाँ तक जाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन