Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

‘एआई को मास्टर नहीं, सहायक बनाएं’ : कानपुर प्रेस क्लब में गोष्ठी, देखें तस्वीरें

कानपुर। कानपुर प्रेस क्लब की ओर से रविवार को “एआई के युग में पत्रकारिता की चुनौतियां” विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एक क्रांतिकारी तकनीक है, लेकिन यदि इसे अपना मास्टर मानकर पूरी तरह उस पर निर्भर हो गए, तो बड़ा डिज़ास्टर हो सकता है। वहीं, अगर इसे सहायक के रूप में इस्तेमाल किया जाए तो यह पत्रकारिता सहित कई क्षेत्रों को बेहद आसान बना सकता है।

इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विभोर सचान ने कहा कि एआई एकत्रित डाटा और ऑब्जर्वेशन पर आधारित है। यह तकनीक निष्कर्ष तक पहुंच सकती है, लेकिन इसमें संवेदना, जज़्बात और दया जैसी मानवीय खूबियां नहीं होतीं। “एआई को बॉस न बनाएं, बल्कि सहायक के तौर पर इस्तेमाल करें, तभी इसका वास्तविक लाभ मिलेगा,” उन्होंने कहा।

एआई विशेषज्ञ प्रो. अनोखेलाल पाठक ने कहा कि एआई की मायावी दुनिया में बड़े खतरे भी छिपे हैं और मीडिया का दायित्व है कि वह इस बारे में जागरूक करे। उन्होंने कहा कि पत्रकार एआई की मदद से तथ्य और डाटा खोज सकते हैं, लेकिन समय, परिस्थिति और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी इंसान की ही रहेगी। “झूठे नैरेटिव तोड़ने का काम पत्रकार का है, एआई सिर्फ इनपुट बेहतर कर सकता है।”

चिकित्सक डॉ. अभिषेक त्रिवेदी ने चिकित्सा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि एआई मरीजों के इलाज में मददगार हो सकता है, लेकिन मरीज के प्रति संवेदना और विश्वास सिर्फ डॉक्टर ही दे सकता है। “तकनीक टूल्स मदद करेंगे, मगर मरीज को यह अहसास दिलाना कि ‘मैं हूं न, आप ठीक हो जाएंगे’ – यह एआई कभी नहीं कर सकता।”

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. रमेश वर्मा ने कहा कि पत्रकारिता में एआई इनपुट का काम बेहतर कर सकता है, लेकिन पूरी तरह निर्भरता भारी नुकसानदेह होगी। “अगर चूक हुई तो उसकी भरपाई संभव नहीं होगी,” उन्होंने चेताया।

प्रेस क्लब की ओर से संदेश

प्रेस क्लब अध्यक्ष सरस वाजपेयी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पत्रकारों की जागरूकता के लिए इस तरह की गोष्ठियां निरंतर आयोजित की जाएंगी। महामंत्री शैलेश अवस्थी ने आभार जताया, जबकि संचालन वरिष्ठ पत्रकार आलोक पांडेय ने किया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष गौरव सारस्वत, मंत्री शिवराज साहू, सुनील साहू, मोहित दुबे, अभिषेक मिश्रा, गगन पाठक, चंद्रगौरव गुप्ता, अनिल त्रिपाठी, कौस्तुभ मिश्रा, नौसाद, शशांक शुक्ला, अर्जित, वेद गुप्ता, दीपक, अनुज, मयूर शुक्ला समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन