उत्तर प्रदेश में जंगल राज तो लंबे समय से कायम है लेकिन अब जंगल राज कायम करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि राजधानी लखनऊ में पत्रकारों पर हमले किए जा रहे हैं, वह भी तब जब लाइव शो चल रहा हो. यूपी सरकार में भ्रष्टाचार के आरोपी कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के गुर्गों ने गुरुवार को कवरेज के दौरान साधना न्यूज चैनल के पत्रकारों पर जानलेवा हमला कर दिया और कैमरे समेत ओवी वैन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
लखनऊ के गौतमपल्ली इलाके में मंत्री गायत्री प्रसाद के सरकारी आवास के बाहर उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर साधना न्यूज चैनल की टीम सीधा प्रसारण कर रही थी, उसी दौरान मंत्री के गुर्गों ने पूरी टीम की जमकर पिटाई करते हुए कैमरे के साथ ओवी वैन को भी नुकसान पहुंचाया. इस घटना से आहत पत्रकारों ने जब मामले की सूचना गौतमपल्ली पुलिस को दी, तो मंत्री जी का नाम सामने आने पर पुलिस ने एफआईआर तक दर्ज नहीं की. इससे पहले भी गायत्री प्रसाद के गुर्गों द्वारा मीडिया से बदसलूकी के मामले प्रकाश में आ चुके हैं.
सूबे के भूतत्व खनिकर्म मंत्री के पद तक पहुंचे गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ लोकायुक्त द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने को लेकर जांच चल रही है, जिसको लेकर साधना न्यूज की टीम गायत्री प्रसाद के लखनऊ स्थित सरकारी आवास के बाहर उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के सिलसिले में सीधा प्रसारण कर रही थी. उसी दौरान मंत्री के सरकारी आवास से निकले कुछ लोगों ने पूरी टीम पर हमला बोल दिया और कवरेज कर रहे पत्रकारों की पिटाई कर दी, साथ ही कैमरा भी तोड़ दिया.
इस घटना से आहत पत्रकारों का एक दल प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल से जाकर मिला, जिस पर उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है. इस घटना के बाद राजधानी के पत्रकारों में काफी रोष है. प्रजापति पर संगीन आरोप लगते रहे हैं. किसी न किसी विवाद के चलते वे हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं. प्रजापति पर लखनऊ में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर प्लॉट बेचने का आरोप लगा था. इसके अलावा गायत्री प्रसाद प्रजापति के बेटे पर अमेठी में तहसील की सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप भी लग चुका है. गायत्री प्रसाद के बेटे अनिल प्रजापति पर कागजात में हेराफेरी करने और स्टाम्प चोरी कर अमेठी तहसील की जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण करने का आरोप लगा था. इन मामलों में अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है. अब ताजा विवाद न्यूज चैनल के पत्रकारों पर हमले से शुरू हो गया है.
संबंधित खबरें:
लाइव शो पर हमला : साधना न्यूज के इन मीडिया कर्मियों की हुई लखनऊ में पिटाई
xxx
लखनऊ में साधना न्यूज के लाइव शो पर हमले के बाद की कुछ तस्वीरें



ashok paliwal
May 1, 2015 at 2:29 pm
पूरी खबर पता करें। साधना न्यूज वाले भी दलाली के लिए जाने जाते हैं। वहां दलाली नहीं मिली होगी, तो लाइव कर रहे होंगे। दबाव बनाकर वसूली करना चाहते होंगे, जिसके बाद पिटाई होना तो तय ही है।