
अनिल सिंह-
लखनऊ विकास प्राधिकरण जनेश्वर पार्क में बच्चों के लिये स्केटिंग ग्राउंड बनाने जा रहा है। एलडीए की 11 अगस्त 2023 की बैठक में बोर्ड ने पार्क में स्केटिंग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव पास कर दिया है। यह लखनऊ के किसी पार्क का पहला और एकमात्र स्केटिंग ग्राउंड होगा। इस स्केटिंग ग्राउंड के बनने की खबर से वे बच्चे बेहद खुश हैं, जो जनेश्वर मिश्रा पार्क की सीमेंटेड फर्श पर स्केटिंग के दौरान गिर कर घायल हो जाते थे। शनिवार को नेशनल स्तर पर खेलने वाले इन बच्चों तथा इनके अभिभावकों ने इस काम के लिये गौतमबुद्ध नगर के जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह को धन्यवाद भी दिया।


आप चौंक सकते हैं कि दूसरे विधानसभा क्षेत्र के विधायक को लखनऊ में हुए काम के लिये लोगों ने धन्यवाद क्यों दिया? आइए आपको बताते हैं जेवर विधायक को धन्यवाद देने की एक छोटी सी कहानी। लखनऊ में प्रवास के दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह साइकिलिंग करने और टहलने जनेश्वर मिश्रा पार्क जाया करते हैं। बात लगभग 12-13 महीने पुरानी है। धीरेंद्र सिंह जनेश्वर मिश्रा पार्क में साइकिलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक युवक ने रोका। वो पास में ही स्केटिंग सीख रहे बच्चों का कोच था। नोएडा में आयोजित किसी कार्यक्रम में विधायक जी ने इन स्केटिंग में जीतने वाले बच्चों को सम्मानित किया था।
उस कार्यक्रम में चौबीस-पचीस साल का कोच भी अपने स्केटिंग के खिलाडि़यों के साथ मौजूद था। वह विधायक को पहचानता था। उसने धीरेंद्र सिंह को रोककर निवेदन किया कि जनेश्वर मिश्रा पार्क में स्केटिंग की कोई सुविधा नहीं है। सीमेंटेड फर्श पर गिरकर बच्चे चोटिल हो जाते हैं। इनमें से कुछ नेशनल स्तर पर भी जूनियर लेबर पर परफार्म किया है। आप जनेश्वर मिश्रा पार्क में स्केटिंग ग्राउंड बनवा सकते हैं क्या? धीरेंद्र सिंह ने कहा कि देखते हैं। बनवाने का प्रयास करेंगे। विधायक झूठा आश्वासन देकर बच्चों को टाल सकते थे, क्योंकि यह मामला उनके विधानसभा क्षेत्र का नहीं था। उन्हें इसका कोई राजनीतिक लाभ भी नहीं था।
यह जिम्मेदारी लखनऊ विकास प्राधिकरण और क्षेत्रीय विधायक की थी, लेकिन धीरेंद्र सिंह ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने ने ना केवल स्केटिंग प्लेयरों की पीड़ा सुनी बल्कि इस संदर्भ में उन्होंने कारगर कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। 16 जुलाई 2022 को वह स्केटिंग के कई प्लेयरों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष पहुंचे तथा उनकी परेशानियों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने इस काम के लिये हामी भरी तथा जिम्मेदार अधिकारियों को स्केटिंग ग्राउंड बनाने के निर्देश दिये, लेकिन आदत से मजबूर एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी महीनों तक इस प्रस्ताव पर कुंडली मारकर बैठा रहा।
इसी बीच इंद्रमणि को अवैध एवं बेनामी सम्पत्ति के आरोप पर आयकर विभाग की भी नोटिस मिली। मामला बेनामी संपत्ति से जुड़े आरोपों का था, लिहाजा सब कुछ सेट करने की आपाधापी में इंद्रमणि स्केटिंग पार्क का मामला भूल गये। विधायक भी इसे भूल सकते थे, क्योंकि उनके क्षेत्र का मामला नहीं था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। कई बार शासन एवं मुख्यमंत्री स्तर से पैरवी करके आखिरकार बच्चों के सपनों को अंजाम तक पहुंचाया। उनके प्रयास से एलडीए बोर्ड ने जनेश्वर मिश्रा पार्क में स्केटिंग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव पास कर दिया है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा।
इस संदर्भ में धीरेंद्र सिंह ने कहा, ‘’स्केटिंग की प्रेक्टिस करने वाले कई बच्चे तो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग कर चुके हैं। स्केटिंग ग्राउंड बनने के बाद राजधानी लखनऊ के प्रतिभवान स्केटिंग खिलाड़ी प्रेक्टिस करके राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन कर पायेंगे।‘’ प्रस्ताव पास होने के बाद शनिवार को बच्चों के माता-पिता ने विधायक से मिलकर उन्हें धन्यवाद दिया।


