हिंडौन सिटी। राजकीय जिला अस्पताल के हड्डी रोग विषेषज्ञ डॉ विजय सिंह मीना को ब्लेकमेल कर 15 लाख रुपए की डिमांड करने वाले मनीष बंसल को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर मंगलवार को सैकडों युवा और जिला अस्पताल के डॉक्टर उद्धेलित हो गए।
जहां जिला यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष खेमसिंह मीना के नेतृत्व में सैकडों युवाओं ने मुख्य मार्गों पर जुलूस निकाल प्रदर्शन किया और उपखंड कार्यालय के बाहर धरना देकर एसडीओ को ज्ञापन सौंप मनीष बंसल को अविलंब गिरफ्तार किए जाने की पुरजोर मांग की।
इसके साथ राजकीय जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी एसडीओ को ज्ञापन सौंप मनीष बंसल को गिरफ्तार करने की मांग की और मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ के बैनर तले स्थानीय राजकीय जिला अस्पताल के सभी चिकित्सक मंगलवार को दोपहर तीन बजे बाद एकत्र होकर उपखंड कार्यालय पहुंचे और एसडीओ हेमराज गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी।
चिकित्सकों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि विगत काफी समय से हिंडौन के स्टेशन रोड का निवासी मनीष बंसल पुत्र प्रमोद बंसल राजकीय चिकित्सालय में पदस्थापित डॉ विजय सिंह मीना को धमकी देकर रुपयों की मांग कर रहा है। इस मामले में विजय सिंह मीना ने मनीष बंसल को नामजद करते हुए नई मंडी थाने में केस दर्ज कराया है। इस प्रकरण में मनीष बंसल को गिरफ्तार करने की मांग की। कहा गया कि ब्लेकमेल औैर भय के माहौल में निर्बाध चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना मुश्किल हो गया है। डॉक्टरों ने मनीष बंसल को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की और चेतावनी दी कि प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो चिकित्सकों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
राजकीय जिला अस्पताल के डॉ विजय सिंह मीना को धमकी देकर 15 लाख की डिमांड करने वाले कथित पत्रकार मनीष बंसल पुत्र प्रमोद बंसल को गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष खेमसिंह मीना के नेतृत्व में सैकडों युवा नेहरू पार्क में एकत्र हुए। वहां सभी ने हिंडौन के पत्रकारों के कार्य व्यवहार की सराहना की, लेकिन कथित पत्रकारिता की आड में डॉ विजय सिंह मीना को ब्लेकमेल करने और पत्रकारिता को कलंकित करने वाले मनीष बंसल को गिरफ्तार करने की पुरजोर ढंग से मांग रखी।
वक्ताओं ने मनीष बंसल की अन्य कारगुजारियों और ब्लैकमेल करनेके मामलों को भी उजागर किया। इसके बाद सैकडों युवक हाथों में मनीष बंसल को गिरफ्तार करने एवं डॉ विजय सिंह मीना को न्याय दिलाए जाने की तख्तियां लेकर प्रदर्शन करते हुए स्टेशन रोड होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे और एसडीओ हेमराज गुर्जर को ज्ञापन सौंपा।
मौके पर डीएसपी दुलीचंद भी पहुंच गए, जिन्होंने 15 दिवस का वक्त मांगते हुए मनीष बंसल को हर हाल में गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष खेमसिंह मीना के साथ विनोद गोयल, जवान मोहचा, रघुराज सिंह, चेतराम मीना, अंकुर मीना, पंकज मीना, जेपी मीना, देवेश पंडित, योगेश राय, विष्णु मूडरी, पिन्टू करौली, अखिलेश मामचारी, फहजान खान, भूपेन्द्र चैधरी, भूपेन्द्र गुर्जर, तारासिंह गुर्जर, एजाज अहमद, भूपेन्द्र गुर्जर, महेश जाट, सुहान खान, उदय जाटव, सतीश जाटव बनकी आदि कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
मूल खबर…
टीवी पत्रकार पर मुकदमा; डॉक्टर का रास्ता रोककर 15 लाख रु मांगने और नौकरी से हटवाने की धमकी देने का आरोप


