नई दिल्ली। मीडिया कंपनी Network18 Media & Investments Ltd ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (Q1 FY26) में 148.85 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में हुए 195.36 करोड़ रुपये के घाटे से तुलना में कंपनी के लिए बड़ा मोड़ माना जा रहा है। पिछली तिमाही (Q4 FY25) में भी कंपनी को 29.09 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था, ऐसे में यह तिमाही मुनाफे की दिशा में अहम रही।
हालांकि मुनाफे की इस खबर के बावजूद कंपनी की वित्तीय सेहत को लेकर सवाल बने हुए हैं। तिमाही के दौरान नेटवर्क18 की ऑपरेटिंग आय और कुल राजस्व में तीव्र गिरावट दर्ज की गई है। चालू तिमाही में कंपनी का संचालन से प्राप्त राजस्व 467.86 करोड़ रुपये रहा, जो कि पिछली तिमाही के मुकाबले 17% और सालाना आधार पर 85.1% की गिरावट है। पिछले साल की पहली तिमाही में यह आंकड़ा 3,140.92 करोड़ रुपये था।
कुल आय की बात करें तो यह इस तिमाही में 478.01 करोड़ रुपये रही, जो कि पिछली तिमाही के 564.57 करोड़ और पिछले वर्ष की समान तिमाही के 3,292.10 करोड़ रुपये से क्रमश: 15.3% और 85.5% कम है।
अन्य आय (Other Income) जरूर बढ़कर 10.15 करोड़ रुपये हो गई, जो कि पिछली तिमाही में 3.25 करोड़ रुपये थी। हालांकि यह अभी भी पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में काफी कम है, जब यह 151.18 करोड़ रुपये रही थी।
कंपनी ने बताया कि राजस्व में भारी गिरावट का प्रमुख कारण पिछले साल चुनावी विज्ञापनों से मिली असाधारण आय रहा है। इस बार तिमाही के दौरान विज्ञापन बाजार कमजोर रहा, उपभोक्ता मांग सुस्त रही और खेल-केंद्रित कंटेंट के चलते न्यूज चैनलों की इन्वेंटरी खपत में 20% से ज्यादा की गिरावट आई।
नेटवर्क18 का कहना है कि कमजोर विज्ञापन माहौल और उच्च तुलनात्मक आधार के बावजूद उन्होंने संचालन स्तर पर स्थिरता बनाए रखी है। यदि तुलना वित्तीय वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही से करें (जिसमें कोई चुनावी विज्ञापन नहीं था), तो इस बार ऑपरेटिंग राजस्व 9% अधिक है।
कंपनी ने खर्चों पर नियंत्रण रखते हुए संचालन लागत में सालाना आधार पर 5% की कटौती की है। चेयरमैन आदिल ज़ैनुलभाई ने कहा, “यह तिमाही संचालन के लिहाज से सुदृढ़ रही है, लेकिन व्यापक आर्थिक दबावों के चलते इसका असर पूरी तरह वित्तीय नतीजों में नहीं दिखा। हम आगे भी मजबूती से अपने संचालन को बेहतर बनाने पर फोकस करेंगे।”



