हजारीबाग- झारखंड के हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री से सवाल पूछना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। मंत्री के समर्थकों ने कथित तौर पर पत्रकार की पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
हजारीबाग में इरफान अंसारी से तीखे सवाल पूछने पर उनके समर्थकों द्वारा एक पत्रकार की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घायल पत्रकार की पहचान सुशांत सोनी (न्यूज़18) के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना उस समय हुई जब मंत्री इरफान अंसारी तीन भाई-बहनों के शव मिलने की घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने हजारीबाग पहुंचे थे। परिजनों से मुलाकात के बाद जब वह मीडिया से बात कर रहे थे, तभी उनसे चतरा एयर एंबुलेंस हादसे और पीड़ितों को मुआवजा नहीं मिलने को लेकर सवाल पूछा गया।
बताया जा रहा है कि यह सवाल मंत्री और उनके समर्थकों को नागवार गुजरा, जिसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया। इसी दौरान समर्थकों ने पत्रकार पर हमला कर दिया। घटना के वक्त मंत्री और पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन बीच-बचाव नहीं किया गया।
वहीं, इस मामले को लेकर Babulal Marandi ने मुख्यमंत्री Hemant Soren से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मंत्री और उनके समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज करने की बात कही है।
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए इस घटना को गंभीर बताते हुए राज्यव्यापी विरोध की चेतावनी दी है।
हजारीबाग में सवाल पूछने पर नाराज स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के इशारे पर उनके एक दर्जन समर्थकों द्वारा News 18 Jharkhand के पत्रकार सुशांत सोनी के साथ मारपीट किए जाने की चिंताजनक सूचना मिली है।
लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकारों का अधिकार है, लेकिन वंशवाद के सहारे राजनीति करने वाले इरफान अंसारी जैसे लोग खुद को लोकतंत्र से ऊपर समझने लगते हैं और जनता को तुच्छ मानते हैं। उनके द्वारा आए दिन आम जनता और पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं।
Hemant Soren JMM जी, यदि आपके मंत्री को जनता के सवाल चुभ रहे हैं, तो उन्हें सलाह दें कि राजनीति छोड़कर घर बैठ जाएं। पत्रकारों के साथ मारपीट को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Hazaribag police इरफान अंसारी के बदमिजाजी का इलाज बेहद जरूरी है। तत्काल इरफान अंसारी और उनके समर्थकों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करें। dc hazaribag घायल पत्रकार के ईलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चत करें। -बाबूलाल मरांडी


