सेवा में,
श्रीमान प्रधान संपादक महोदय
भारत समाचार न्यूज़ चैनल, उत्तर प्रदेश
विषय : भाजपा के नगर पालिका अध्यक्ष के भतीजे द्वारा की गई हत्या से संबंधित समाचार के प्रसारण को लेकर दबाव बनाए जाने के कारण त्यागपत्र।
महोदय,
सादर निवेदन है कि मैं राहुल तिवारी, वर्ष 2017 से भारत समाचार न्यूज़ चैनल में कार्यरत हूँ। अपने कार्यकाल के दौरान मुझे सदैव आपके मार्गदर्शन, आशीर्वाद एवं सहयोग का लाभ मिला, जिसके लिए मैं हृदय से आपका आभारी हूँ।
महोदय, दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में औरैया नगर पालिका अध्यक्ष श्री अनूप गुप्ता के भतीजे द्वारा एक निर्धन व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उक्त घटना से संबंधित समाचार को न चलाने हेतु श्री अनूप गुप्ता द्वारा मुझ पर दबाव बनाया गया। इसके लिए उन्होंने अपने एक करीबी पत्रकार, जो नगर पालिका में ठेकेदारी से भी जुड़ा है, के माध्यम से मुझसे संपर्क कराया।
मैंने स्पष्ट रूप से यह कहकर इंकार कर दिया कि मैं निष्पक्ष पत्रकारिता में विश्वास रखता हूँ और समाचारों को मैनेज करना मेरे सिद्धांतों के विरुद्ध है।
इसके पश्चात किसी माध्यम से श्री अनूप गुप्ता का संपर्क चैनल के भीतर एक व्यक्ति से हो गया, जिसके परिणामस्वरूप मुझे असाइनमेंट हेड श्री समीम जी का फोन प्राप्त हुआ और निर्देश दिया गया कि श्री अनूप गुप्ता के विरुद्ध खबरें न चलाई जाएँ। चैनल के निर्देशों का सम्मान करते हुए मैंने उनके विरुद्ध समाचार भेजना बंद कर दिया।

महोदय, जब मुझे आर्थिक रूप से प्रभावित नहीं किया जा सका, तब सत्ता और धन के प्रभाव का प्रयोग कर चैनल के माध्यम से मुझ पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया, जिससे मैं अत्यंत आहत और मानसिक रूप से पीड़ित हुआ हूँ।
भारत समाचार वह संस्थान रहा है जो हमेशा अपने रिपोर्टरों के सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहता था। ऐसे में हत्या जैसे जघन्य अपराध से संबंधित समाचार को दबाने अथवा मैनेज करने का दबाव बनना मेरे लिए गहरी पीड़ा का कारण है।
मेरा मन अत्यंत व्यथित है क्योंकि भारत समाचार की पहचान एक निष्पक्ष और निर्भीक समाचार चैनल के रूप में रही है, जिसे मैं अब वर्तमान परिस्थितियों में अनुभव नहीं कर पा रहा हूँ। इन्हीं नैतिक और आत्मिक कारणों से मैं भारत समाचार न्यूज़ चैनल से आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को अपना त्यागपत्र प्रस्तुत कर रहा हूँ।
आशा है कि आप मेरे निर्णय के कारणों को समझेंगे।
धन्यवाद।
भवदीय, राहुल तिवारी
(पूर्व संवाददाता) भारत समाचार न्यूज़ चैनल


