जनता से जुड़े मुद्दे संसद में प्रमुखता से उठाने के लिए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को सम्मानित किया गया है। उन्हें यह अवार्ड महाराष्ट्र के मीडिया समूह लोकमत की तरफ से दिया गया है। राजधानी दिल्ली स्थित नए महाराष्ट्र सदन में यह पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। बता दें कि यह पुरस्कार का छठा संस्करण है। संजय सिंह कोयह अवार्ड पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई के हाथों दिया गया।
संजय सिंह राज्यसभा में अपने सक्रिय और संघर्षशील संसदीय कार्यकाल के दौरान सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और आम नागरिक के अधिकारों के लिए निरंतर मुखर रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ हो या जनसरोकार के मुद्दे, उनकी स्पष्ट, तत्यपरक और प्रभावी प्रस्तुतियां संसदीय विमर्श को नई धार देती है। जनता की आवाज को संसद तक पहुंचाकर, उन्होंने लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य किया।
इस मौके पर लोकमत समूह ने कहा- “लोकमत पार्लियामेंटरी अवार्ड 2025 के अवसर पर हमें संजय सिंह को बेस्ट पार्लियामेंटेरियन ऑफ द ईयर अवार्ड देते हुए बेहद खुशी हो रही है।”
वहीं, संजय सिंह ने कहा-
“जब मैं यह अवार्ड ले रहा था तो मुझे बहुत सारी घटनाएं याद आ रही थीं। मैं 10 दिनों तक लगातार संसद के बाहर बैठा हुआ था… मैंने जनता की आवाज को मजबूती के साथ उठाया था। मैंने सदन में कोशिश की थी कि मैं ठीक ढ़ंग से लोगों की बात रख सकूं… सत्ता से टकराने वाले लोगों को सम्मानित करना बहुत मुश्किल काम है…”
ज्यूरी में ये लोग थे शामिल
6ठे अवार्ड समारोह की ज्यूरी में पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल (अध्यक्ष), लोकसभा सांसद प्रो. सौगत राय, भर्तृहरि महताब, डॉ निशिकांत दुबे, कनिमोझी करुणानिधी, जया बच्चन, अभिषेक मनु सिंघवी, वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त, लोकमत मीडियासमूह के एडिटोरियल बोर्ड के चेयरमैन और पूर्व सांसद डॉ विजय दर्डा और नेशनल एडिटर हरीश गुप्ता शामिल थे।
संसद हो या सड़क.. बिना डरे, पूरे साहस के साथ जनता के हक़ की आवाज़ उठाने वाले, सच बोलने वाले संजय सिंह जी को सर्वश्रेष्ठ सांसद सम्मान मिलने पर बहुत-बहुत बधाई। आप सच में इस अवॉर्ड के पूरे हक़दार हैं। देश को आप जैसे निडर और साहसी जनप्रतिनिधियों की ज़रूरत है। – अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री दिल्ली



