Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

गोरखपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित स्मृति समारोह में शिरकत करने दिल्ली से पहुंचे संजय और विनीता

गोरखपुर। कवि व समालोचक प्रो अनन्त मिश्र ने कहा है कि  रावण ने पूरी दुनिया से बटोरकर सोने की लंका बनाई थी। अन्तत: उसका दहन हुआ। आज भी होड़ सोने की लंका बनाने की है। मनुष्य को नजरअंदाज करते हुए हो रहा विकास दुनिया के अस्तित्व के लिए खतरनाक है। प्रो मिश्र शुक्रवार को स्व़ रोहित पांडेय की सातवीं पुण्य तिथि के अवसर पर आयोजित स्मृति व श्रद्धांजलि कार्यक्रम को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब ने अपने सभागार में किया था।

अपने सारगर्भित वक्तव्य में उन्होंने निरंतर आत्मकेन्द्रित हो रही दुनिया पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हम ऐसी दुनिया रच रहे हैं जिसमे हमें दूसरे की चिंता नहीं है। बिना सोच विचार की दुनिया बन रही है। चेतन मनुष्य का लक्ष्य जब जड़ हो जाता है तो समाज नष्ट हो जाता है। रोहित को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब भी मिलता था मैं कहता था योग उपवास छोड़ दो। प्रकृति से लड़ना ठीक नहीं, पर वह जुनूनी था। दूसरे के लिए सोचता था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेस क्लब आफ इंडिया के निदेशक संजय सिंह ने गोरखपुर की अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि मैं अब तक अपने घर में ही बेगाना था। आज मुझे यहां मुख्य अतिथि का सम्मान मिला है तो संतोष हो रहा है। रोहित को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह भले इंसान थे। उनके इलाज के लिए हम कुछ खास नहीं कर पाए क्योंकि उस समय हम विवश थे। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब को अपना ऐसा ढांचा बनाना चाहिए जिससे बीमारी के चलते रोहित जैसे पत्रकार असमय काल कवलित न हो जाएं। रोहित हमारी स्मृति का अंग हैं वह भूलेंगे नहीं। विशिष्ट अतिथि प्रेस क्लब आफ इंडिया की पूर्व संयुक्त सचिव विनीता यादव ने कहा कि रोहित आप सबके बीच अपनी स्मृतियों से जिंदा हैं। उन्होंने इस मौके पर रक्तदान के कार्यक्रम के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वे डीपीसी में भी ऐसे आयोजन का प्रस्ताव रखेंगी।

विशिष्ट अतिथि न्यूज फाक्स के संपादक रामेन्द्र सिन्हा ने कहा कि रोहित के बहाने हम यहां अपने सरोकारों और चुनौतियों पर चर्चा कर रहे हैं। पत्रकारिता पहले जैसी नहीं रही। आज सब कुछ बाजार से संचालित हो रहा है। बहुत से दबाव हैं। पत्रकारिता की भाषा से लेकर सरोकार तक बदल गए हैं। यह मेरा अपना अनुभव है कि पत्रकारिता अब पहले की तुलना में कठिन चुनौती हो गयी है। पर इन कठिनाईयों और चुनौतियों के बीच हमें ही रास्ता निकालना होगा। ऐसा माहौल पैदा किया जाय कि सिस्ट्म में सुधार हो। कैसे हम पेशागत ईमानदारी को बनाए रखते हुए समाज और मनुष्यता को कुछ दे सकते हैं। इस दिशा में सोचना होगा। रोहित को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि रोहित कुछ अलग थे। तभी वह हमारी स्मृति में अब भी जीवित हैं।

इस मौके पर उपस्थित प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद शुक्ल, शफी आजमी, एसपी सिंह व अशोक चौधरी ने भी रोहित से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते प्रेस क्लब के वर्तमान अध्यक्ष अरविंद राय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि रोहित प्रखर और बेलौस पत्रकार थे। उन्होंने प्रेस क्लब की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि न सिर्फ पत्रकारों के लिए बल्कि समाज के हित भी क्लब सक्रिय रहता है। इंसेफेलाइटिस पीड़ितों के नौ लाख रुपये का दान राज्य सरकार को दिया था। साथ ही हर वर्ष रोहित की याद में रक्तदान का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के वर्तमान महामंत्री ओंकार धर द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में रक्तदान कार्यक्रम के संयोजक पूर्व उपाध्यक्ष कुंदन उपाध्याय, मनोज कुमार सिंह, मृत्युंजयशंकर सिन्हा, जद यू नेता अरूण कुमार, धर्मेन्द्र उर्फ टाटा दूबे, वेद प्रकाश पाठक, आर पी सिंह, अजीत कुमार यादव, मार्कण्डेय मणि, देवेन्द्र दूबे, नीरज श्रीवास्तव, अरूण कुमार श्रीवास्तव, अमीरूद्दीन उर्फ गुड्डू, संगम दूबे, शिवहर्ष द्विवेदी, शफी अंसारी, डीके गुप्ता, ईश्वर सिंह, बैजू गुप्ता, फैयाज अहमद समेत भारी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों और पत्रकारों ने रोहित के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पूर्व क्लब के पदाधिकारियों व वरिष्ठ सदस्यों ने अतिथियों को माला पहनाकर व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को शाल, प्रशस्तिपत्र व टेराकोटा कलाकृति स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया गया।

चार पत्रकारों को सम्मान
प्रेस क्लब की ओर से दैनिक आज के वरिष्ठ पत्रकार कामेश्वर उपाध्याय, पाइनियर के ब्यूरो प्रभारी सतीश त्रिपाठी, दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार विवेकानंद मिश्र व अमर उजाला के टीपी शाही को अतिथियों ने शाल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

25 लोगों ने किया रक्तदान
इसके पूर्व सुबह नवजीवन ब्लड बैंक, बेतियाहाता में 25 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान इन सभी को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन