टीवी टुडे नेटवर्क लिमिटेड ने हेमा सिंह रेंस को कंपनी की गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त कर दिया है। यह नियुक्ति 28 मई 2025 से प्रभावी हो गई है और उनकी नियुक्ति की अवधि पांच वर्षों के लिए तय की गई है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि हेमा सिंह का किसी भी मौजूदा निदेशक से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है।
हेमा सिंह रेंस की नियुक्ति की प्रक्रिया की शुरुआत 11 फरवरी 2025 को हुई थी, जब कंपनी ने इस प्रस्ताव की जानकारी दी थी। इसके बाद 26 मार्च को आयोजित पोस्टल बैलट में शेयरधारकों ने इस प्रस्ताव को बहुमत से मंजूरी दी। अंतिम मुहर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 28 मई को लगाई।
हेमा सिंह एक अनुभवी रणनीतिक सलाहकार हैं और उन्हें निजी क्षेत्र, राजनयिक मिशनों तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ काम करने का तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। ब्रांड निर्माण, संप्रेषण रणनीति और संस्थागत दृश्यता के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त बनाती है।
जी मीडिया कॉर्पोरेशन लिमिटेड से डॉ. विकास गर्ग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह कंपनी में गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक के तौर पर कार्यरत थे। कंपनी ने जानकारी दी कि डॉ. गर्ग का इस्तीफा 29 मई 2025 को कार्यावधि की समाप्ति के साथ प्रभावी हो गया है।
डॉ. गर्ग ने अपने त्यागपत्र में निजी और अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया और यह स्पष्ट किया कि उनके इस्तीफे के पीछे कोई अन्य महत्वपूर्ण कारण नहीं है। उन्होंने बोर्ड में अपने कार्यकाल को एक गौरवपूर्ण अनुभव बताते हुए बोर्ड सदस्यों, प्रबंधन और हितधारकों के प्रति आभार जताया।
डॉ. विकास गर्ग एक बहुआयामी उद्यमी हैं, जिन्हें रसायन, टेक्नोलॉजी, एग्रीबिजनेस, फिनटेक, हॉस्पिटैलिटी और एंटरटेनमेंट जैसे क्षेत्रों में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वे कई संकटग्रस्त कंपनियों को पुनर्जीवित कर उन्हें विकास की राह पर लाने के लिए जाने जाते हैं।
दोनों नियुक्तियों और इस्तीफे ने मीडिया उद्योग में कॉर्पोरेट संरचना के बदलाव की नई दिशा को रेखांकित किया है।


