
नवेद शिकोह-
कल शनिवार 31 अगस्त को विधानसभा के तिलक हाल में उ.प्र. राज्य मुख्यालय संवाददाता समिति का चुनाव होगा। जिस तिलक हाल में राष्ट्रपति, राज्यसभा, विधान परिषद जैसे बड़े चुनाव होते हैं, यहीं संवाददाता समिति का भी चुनाव होगा। सरकार ने आपको इज्जत बख्शी है। इज्जत की लाज बचाकर चलिएगा। जो इज्जत दे उसे इज्जत दिजिए। विधानसभा के तारीखी तिलक हाल की गरिमा का पूरा ख्याल रखा जाए। पूरे अनुशासन और शांति के साथ ये चुनाव संपन्न हो, इस बात की हर किसी को कोशिश करनी होगी। पत्रकारों को, प्रत्याशी पत्रकारों को, वोटर पत्रकारों को, समर्थक पत्रकारों और इस चुनावी अनुष्ठान से जुड़े समस्त पत्रकारों को ये अहसास दिलाना होगा कि पत्रकार वर्ग बुद्धिजीवी वर्ग में आता है।
पत्रकारिता अनुशासन को बढ़ावा देती है। समाज में शांति बनाए रहने में पत्रकार अपने कलम से सहयोग करता है। शराब कितनी खराब चीज है, इससे कितने लोग अपनी जान गवा देते है। अधिकांश झगड़ों, गैंगवार, हिंसा में शराब आग में घी का काम करती है। पत्रकारों की खबरें अकसर ऐसे कड़वे सच से वाकिफ करती हैं।
रविवार शाम को करीब 800 से अधिक राज्य मुख्यालय के पत्रकार अपने साथी उम्मीदवारों को वोट दे चुके होंगे। करीब अस्सी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो चुका होगा। मतदान के कुछ समय के बाद ही विधानसभा के तिलक हाल में ही मतगणना शुरू हो जाएगी। पिछले चुनावों की तरह मतगणना दो बजे रात तक जारी रह सकती है। उत्साह, अति उत्साह, जोश, जज्बा, जज्बात, कहीं खुशी, कहीं गम, विजय-पराजय, जश्न और मातम में एल्कोहल को दूर रखा जाए। क्योंकि नशा किसी छोटे विवाद, मदभेद, असहमति को विध्वंस में बदल देता है।
शायद इन बातों को गंभीरता से महसूस कर यूपी के नामचीन बुजुर्ग पत्रकार और कभी बीबीसी के पर्याय कहे जाने वाले राम दत्त त्रिपाठी ने इशारा किया है कि लोकतंत्र के चुनावी उत्सव में पत्रकार शराब से दूर रहें। ना पिएं, ना पिलाएं, ना गिफ्ट लें, ना दें !
श्री त्रिपाठी ने कहा कि यह चुनाव समिति और पत्रकारों की प्रतिष्ठा बहाल करें, इसलिए सभी लोग अपने व्यवहार और आचरण में मर्यादा का पालन करें।समाज और सरकार की पैनी निगाह हम पर है। यह चुनाव हमारी समिति और पत्रकारों की गरिमा और प्रतिष्ठा को बहाल करने का भी चुनाव है. हमारा व्यवहार और आचरण इसका ध्यान रखते हुए होना चाहिए।
बताते चलें कि राम दत्त त्रिपाठी राम दत्त त्रिपाठी इस समिति के अध्यक्ष और चुनाव अधिकारी रह चुके हैं।
रामदत्त जी ने पत्रकारों के वाट्सएप ग्रुप्स पर लिखा है कि सभी पत्रकार साथियों को याद दिलाना है कि अपनी सेहत का ध्यान रखें, अल्कोहल किसी भी मात्रा में हानिकारक है, विशेषकर रात में ड्राइविंग से पहले।
हांलांकि राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति की चुनाव संचालन समिति से ये उम्मीद की जा रही थी कि वो पुराने कड़वे अनुभवों को देखते हुए विधानसभा के तिलक हाल में मतगणना के दौरान परिसर और आसपास इकट्ठा प्रत्याशियों, समर्थकों और तमाम पत्रकारों के लिए अल्कोहल निषेध का सख्त आदेश जारी करेगी। क्योंकि मान्यता समिति का कोई वैधानिक रिकार्ड नहीं है। इसका रजिस्ट्रेशन तक नहीं है। लम्बी परंपरा ने ही समिति के चुनावी उत्सव में वजन पैदा किया है। खुदानाखासता कोई ऊंच-नीच होती है तो सिर्फ और सिर्फ चुनाव संचालन समिति के सदस्यगण ही जवाबदेह होंगे।
सरकार ने पत्रकारों के चुनाव के लिए विधानसभा का महत्वपूर्ण तिलक हाल देकर पत्रकारों का जो मान बढ़ाया है उसके बदले पत्रकार बिरादरी पूरे अनुशासन और शांति व्यवस्था के साथ चुनाव सम्पन्न कराए। और आज ही चुनाव संचालन कमेटी मतगणना स्थल के आसपास अल्कोहल निषेध का आदेश सख्ती से लागू करें।


