पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर की गई विवादित टिप्पणियों के चलते देश के सात राज्यों से 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार होने वालों में एक विपक्षी विधायक, एक पत्रकार, एक छात्र और एक वकील भी शामिल हैं।
गिरफ्तारी अभियान में असम सबसे आगे
दैनिक भास्कर की वेबसाइट में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, असम में सबसे ज्यादा 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। अन्य गिरफ्तारियां मध्यप्रदेश (4), त्रिपुरा (4), उत्तर प्रदेश (1), छत्तीसगढ़ (1), झारखंड (1) और मेघालय (1) से हुई हैं।
विधायक पर राजद्रोह का मामला दर्ज
पहली गिरफ्तारी असम के विपक्षी दल AIUDF के विधायक अमीनुल इस्लाम की हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पर 2019 के पुलवामा और हालिया पहलगाम हमले को “सरकार की साजिश” बताते हुए टिप्पणी की थी। उनके खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है और उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
मध्य प्रदेश में लेक्चरर गिरफ्तार
भोपाल में कॉलेज की गेस्ट लेक्चरर नसीम बानो को व्हाट्सएप स्टेटस पर विवादित वीडियो शेयर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। लेक्चरर ने सफाई दी कि वीडियो गलती से अपलोड हुआ था। इससे पहले मध्यप्रदेश में तीन अन्य गिरफ्तारियां इसी मामले में हो चुकी थीं।
पत्रकार, छात्र और रिटायर्ड शिक्षक भी चपेट में
असम में गिरफ्तार लोगों में एक पत्रकार, एक छात्र और एक वकील शामिल हैं, जिन्होंने कथित तौर पर सरकार विरोधी और राष्ट्रविरोधी टिप्पणियां सोशल मीडिया पर साझा की थीं। वहीं त्रिपुरा में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में दो सेवानिवृत्त शिक्षक भी हैं।
असम सरकार सख्त, NSA लगाने की चेतावनी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो गिरफ्तार लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) भी लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच कोई समानता नहीं है और भारत के खिलाफ किसी भी तरह की राष्ट्रविरोधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


