मनोज अभिज्ञान-
बात 2003 की है। जेफ्री एपस्टीन नाम का बहुत अमीर और प्रभावशाली शख्स अपना 50वां जन्मदिन मनाना चाहता था। उसकी करीबी दोस्त गिलेन मैक्सवेल ने उसके जन्मदिन पर एक खास तोहफा तैयार किया था, एक चमड़े की जिल्द वाला एल्बम जिसमें एपस्टीन के कई दोस्तों और जानकारों के पत्र या संदेश थे। इसमें डोनाल्ड ट्रंप और अन्य नामी‑गिरामी लोगों ने भी पत्र डाले थे।
एल्बम में ट्रंप का लिखा एक पत्र सामने आया है जिसमें कॉमिक टच था। वह पत्र एक नग्न महिला के सिल्हूट के अंदर टाइप किया गया था और उसमें ट्रंप और एपस्टीन की के बीच के डायलॉग लिखे थे। आख़िर में ट्रंप के हस्ताक्षर Donald उस महिला के निजी अंग के ठीक नीचे बने थे ताकि उसे देखते ही उसकी जगह साफ़ दिख जाए। पत्र के अंत में लिखा था: Happy Birthday and may every day be another wonderful secret.
[यहाँ बताते चलें कि सिल्हूट (Silhouette) फ्रेंच मूल का शब्द है, जिसका मतलब होता है किसी वस्तु, व्यक्ति या दृश्य की छायापट जैसी आकृति, जिसमें केवल उसका आउटलाइन दिखाई देता है, लेकिन भीतर का कोई विवरण नहीं होता। आमतौर पर यह आकृति एक रंग की होती है, अक्सर काली, और पृष्ठभूमि हल्की या चमकदार होती है। जैसे सूर्यास्त के समय जब किसी पेड़ या व्यक्ति की आकृति काली दिखती है और पीछे नारंगी या लाल आकाश होता है, वह सिल्हूट है। फोटोग्राफी या आर्ट में, जब किसी विषय की पहचान सिर्फ उसकी आकृति से हो और भीतर कोई डिटेल न दिखे, वह सिल्हूट कहलाता है।]
ट्रंप ने इस पत्र के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी रचना नहीं है और इसे न्यूज पेपर वॉल स्ट्रीट जर्नल ने फर्जी ढंग से पेश किया है।
जेफ्री एपस्टीन, एक वित्तीय सलाहकार था जिसने अरबपति लेस्ली वेक्सनर जैसे अमीर लोगों का पैसा संभाला। 2006 में उस पर नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने और उन्हें व्यवसायिक तौर पर इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगे थे। वह 2008 में इस अपराध के लिए दोषी ठहराया गया और जेल गया। 2019 में एक बार फिर उसे गिरफ्तार किया गया था लेकिन उसी जेल में उसकी मौत हो गई। उसकी मौत को आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया गया था लेकिन काफी मौत पर सवाल उठाती काफी चर्चाएँ थीं।
डर्शोविट्ज़ ने एक नकली मैगज़ीन कवर बनाया था जिसमें लिखा था Was it Jeffrey Epstein who was Jack the Ripper? डर्शोविट्ज़ एपस्टीन के वकील भी रह चुके थे। वेक्सनर ने एक लाइन ड्रॉइंग भेजी थी जो स्तनों जैसी दिखती थी और बताया था I wanted to get you what you want so here it is.
1990 के दशक में ट्रंप और एपस्टीन की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे जिसमें वे एक साथ पार्टी कर रहे थे। ट्रंप ने एक बार कहा था एपस्टीन शानदार इंसान है जो सुंदर महिलाओं से घिरा रहता है। लेकिन बाद में मुकर गए और कहा कि वह उससे बहुत पहले अलग हो गए थे।
2019 में एपस्टीन की गिरफ्तारी के बाद एफबीआई ने उसके कई दस्तावेज ज़ब्त किए जिनमें बहुत से नाम और जानकारी थी। ट्रंप के समर्थकों और कुछ उच्च‑पद अधिकारियों ने कई बार भरोसा दिलाया कि सारी फाइलें सार्वजनिक होंगी। अटॉर्नी जनरल ने कहा था कि Phase 1 नाम से पहले दस्तावेज सार्वजनिक हुए और आगे रिलीज़ होगा लेकिन उनमें कुछ खास नया नहीं था। 2025 की जुलाई में न्याय विभाग ने अचानक कह दिया कि exhaustive review के बाद ऐसी कोई incriminating client list नहीं मिली और आगे फाइलें जारी करना जरूरी नहीं रहा। ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने सवाल उठाया कि अगर ट्रंप फाइलें नहीं देंगे तो भरोसा कैसे होगा?
ट्रंप ने इन फाइलों के मामले में कहा कि उनमें फर्जी बातें हैं जिन्हें ओबामा बाइडेन और Comey जैसे लोगों ने बनाया है और अगर कुछ करना है तो अटॉर्नी जनरल पाम बॉण्डी को करना चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम ने ट्रंप की छवि में दरार डाल दी है। पहले उनका दावा था कि उनके समर्थक अनंतकाल तक उनके समर्थक बने रहेंगे। लेकिन अब उनके ही समर्थक कह रहे हैं हमने ट्रंप के लिए गोली तक झेला है और इसे अनदेखा नहीं करेंगे।
यह पूरा सीक्वेंस सिर्फ एक पत्र या एल्बम का नहीं है। यह ट्रंप की नैतिकता सच्चाई और सत्ता की पारदर्शिता को लेकर बड़ा सवाल है। क्या ट्रंप सच में दलदल को साफ करेंगे या खुद उसमें फंसे रहेंगे? यह सवाल भविष्य के MAGA आंदोलन और पूरे आम अमेरिकी राजनीति के लिए अहम साबित हो सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप और जेफ़्री एपस्टीन का रिश्ता अब रहस्य नहीं रहा। यह मनोवैज्ञानिक शिफ्ट है जिसने ट्रंप के सबसे समर्पित समर्थकों को खुद ट्रंप के खिलाफ खड़ा कर दिया। इसके बाद ट्रंप की ओर से आई प्रतिक्रिया, खासकर Truth Social पर लिखी गई टिप्पणियाँ, अभूतपूर्व थीं। उन्होंने अपने ही समर्थकों को ‘weaklings’, ‘bulls’ पर विश्वास करने वाले और Democrats का काम करने वाले कहकर खारिज कर दिया। यही नहीं, ट्रंप ने तो यह तक लिख दिया कि मैं नहीं चाहता कि ये लोग मेरे समर्थक रहें। यह वही ट्रंप हैं जिन्होंने कभी गर्व से कहा था कि उनके समर्थक इतने वफादार हैं कि वो सड़क पर किसी को गोली मार दें तो भी वे उनका साथ नहीं छोड़ेंगे। लेकिन अब उनके बोल बदले हैं, और शायद हालात भी।
ट्रंप के इस व्यवहार पर सिर्फ पॉपुलर पोडकास्टर्स ही नहीं, बल्कि MAGA के सबसे कट्टर समर्थकों में गिने जाने वाले लोग भी भड़क उठे। जो रोजन, कैंडेस ओवेन्स, एलेक्स जोन्स, लॉरा लूमर—सभी ने ट्रंप की आलोचना की। “तुम पोप नहीं हो, भाई, एलेक्स जोन्स ने तीखा व्यंग्य किया। कैंडेस ओवेन्स ने कहा, लगता है ट्रंप को लगता है कि उसके समर्थक बेवकूफ हैं।” लॉरा लूमर ने तो यहां तक कह दिया कि ट्रंप की एपस्टीन केस को ‘hoax’ कहने की हरकत उनके राष्ट्रपति पद को डुबो सकती है।
यह सब सिर्फ सोशल मीडिया की चिल्ल-पों नहीं है; इस बार कांग्रेस के अंदर से भी आवाज़ें आईं। हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने पारदर्शिता की मांग की। पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने भी कहा कि सारे दस्तावेज़ सार्वजनिक किए जाएँ। एक महीने के अंदर यह तीसरी बार है जब ट्रंप के अपने ही खेमे ने उनसे खुलेआम असहमति दिखाई—ईरान पर बमबारी, यूक्रेन को सहायता और अब एपस्टीन मामले की फाइलें रोकना। ट्रंप अब ऐसी पतली रेखा पर चल रहे हैं जहां हर कदम उन्हें अपने ही लोगों से दूर कर सकता है।
लेकिन एक बड़ा प्रश्न है—आखिर एपस्टीन केस की जानकारी छिपाने का फैसला क्यों लिया गया? सरकार ने कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। क्या ट्रंप को वाकई यह मामला महत्वपूर्ण नहीं लगा? क्या वे अपने पुराने मित्र या खुद को बचा रहे हैं? क्या इसमें खुफिया एजेंसियाँ शामिल हैं? जब कारण नहीं बताया जाता, तब कल्पनाएँ जन्म लेती हैं।
ट्रंप और एपस्टीन की पुरानी तस्वीरें, पार्टीज़ में हँसते-मुस्कुराते, गले लगाते, बहुत पहले से सार्वजनिक हैं। लेकिन अब अचानक MAGA समर्थकों को वह सब खलने लगा है। पहले नहीं, अब क्यों? शायद इसलिए कि जब उन्होंने swamp draining की कल्पना की थी, तब वे सोचते थे कि ट्रंप की तलवार से सारे राज़ उजागर हो जाएंगे, सड़ी-गली राजनीति की हड्डियाँ कीचड़ से बाहर आ जाएँगी। लेकिन एपस्टीन प्रकरण में वही तलवार म्यान में रह गई है।
अब MAGA आंदोलन खुद को आईने में देख रहा है—ट्रंप को भी और खुद को भी। क्या वे वाकई संगठित राजनीतिक शक्ति हैं या बस एक भावुक भीड़ जो ‘hoax’, ‘fraud’, ‘liar’ जैसे शब्दों में गुस्से और निराशा की आग उगलती है? क्या वे उस hyperemotionalism से जूझ पा रहे हैं, जिसकी ओर सोशल मीडिया ने उन्हें ढकेला है? जब कोई आंदोलन खुद के भीतर ही अश्लील गालियों और सार्वजनिक तकरार से भर जाए, तो वह कैसे भविष्य को आकार देगा?
1989 में जब बर्लिन की दीवार गिरी और जर्मन एकीकरण की बात उठी, तब मार्गरेट थैचर ने पूछा था, “जर्मनों की असली प्रवृत्ति क्या है?” जवाब था—“वे या तो तुम्हारे पैरों में होते हैं या तुम्हारे गले पर।” शायद अब यही बात ट्रंप और उनके आधार समर्थकों पर लागू होती है।
अब MAGA और ट्रंप एक-दूसरे को पैरों में या गले पर देख रहे हैं। बीच की ज़मीन दरकने लगी है।
इस पूरे मामले को सामने लाने वाले अख़बार The Wall Street Journal (WSJ) और उसकी मूल कंपनी News Corp पर डोनाल्ड ट्रंप ने 10 अरब डॉलर का मुकदमा कर दिया है। ये मुकदमा इस बात पर आधारित है कि WSJ ने ऐसा लेख छापा जिसमें दावा किया गया था कि ट्रंप ने 2003 में जेफ्री एपस्टीन के जन्मदिन पर अश्लील लेटर भेजा था, जिसमें एक नग्न महिला की तस्वीर की रूपरेखा थी और उसमें कुछ अशोभनीय बातें थीं।
ट्रंप का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई लेटर कभी नहीं लिखा। वह महिलाओं की ऐसी तस्वीरें नहीं बनाते। यह उनकी भाषा नहीं है। WSJ ने यह कहानी गढ़ी है ताकि उनकी छवि खराब की जा सके। उन्होंने कहा कि यह पूरी रिपोर्ट झूठी है और इससे उनकी साख और ईमानदारी को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया।
मुकदमे में जिन पर आरोप लगे हैं वे हैं: वॉल स्ट्रीट जर्नल की प्रकाशक कंपनी Dow Jones Co., उसकी मूल कंपनी News Corp., रूपर्ट मर्डोक (News Corp के चेयरमैन एमेरिटस), रॉबर्ट थॉमसन (CEO) और दो WSJ पत्रकार। प्रतिक्रिया में वॉल स्ट्रीट जर्नल ने कहा है कि उन्हें अपनी रिपोर्टिंग की सच्चाई और मजबूती पर पूरा भरोसा है और वे मुकदमे का पूरा विरोध करेंगे।
ट्रंप पहले भी मीडिया पर कई मुकदमे कर चुके हैं, लेकिन अमेरिका में किसी सार्वजनिक व्यक्ति, जैसे कि राष्ट्रपति, को मानहानि साबित करने के लिए यह दिखाना होता है कि मीडिया ने जानबूझकर झूठी बात छापी या सच की अनदेखी की। यह साबित करना बहुत मुश्किल होता है। हालांकि, हाल ही में ट्रंप को कुछ मामलों में सफलता भी मिली है, जैसे ABC न्यूज और CBS ने उनके कुछ मुकदमे चुपचाप सुलझा लिए, और उन्हें करोड़ों डॉलर का मुआवज़ा मिला। ट्रंप चाहते हैं कि न्यायालय एपस्टीन से जुड़ी सभी गोपनीय ग्रैंड जूरी गवाही को सार्वजनिक करने की अनुमति दे। न्याय विभाग ने भी अदालत से इसकी अनुमति मांगी है।
लेकिन मुकदमे के नतीजे पर बहुत कुछ निर्भर करता है — क्या WSJ के पास असली सबूत हैं? क्या ट्रंप इसे झूठा साबित कर पाएंगे? यह मामला सिर्फ एक पत्र या चित्र का नहीं है। यह ट्रंप की प्रतिष्ठा, उनके अतीत, और सत्ता से जुड़े रहस्यों की पारदर्शिता को लेकर चल रही लड़ाई है। मुकदमा बहुत बड़ा है।
सत्ता की सीढ़ियाँ जब काले रहस्यों पर टिकी हों, तो हर कदम कंपन पैदा करता है, धरती नहीं, भरोसे की ज़मीन हिलती है। ट्रंप की तलवार अब हवा में लटकी है—न खिंचती है, न म्यान में लौटती है। समर्थकों की आँखों में अब श्रद्धा की जगह संदेह का धुआँ है, और Truth Social की गूंज में अब नारे नहीं, बिखरे हुए सवाल हैं।


