नई दिल्ली | राजस्थान में विधायक निधि खर्च में कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने वाली खोजी रिपोर्ट के लिए Avadhesh Akodia को प्रतिष्ठित ‘दानिश सिद्दीकी जर्नलिज्म अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। आकोदिया Dainik Bhaskar से जुड़े पत्रकार हैं।
नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश Madan B. Lokur ने उन्हें जूरी स्पेशल अवॉर्ड प्रदान किया। इस मौके पर आरबीआई के पूर्व गवर्नर Raghuram Rajan भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट ने मचाया था सियासी भूचाल
आकोदिया की रिपोर्ट में खुलासा किया गया था कि राजस्थान में सत्ता पक्ष और विपक्ष—दोनों के विधायक विकास कोष से खरीद की सिफारिशों के बदले कथित तौर पर रिश्वत ले रहे थे।
दिसंबर 2025 में यह रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद प्रदेश की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। रिपोर्ट के सामने आने के बाद इस मामले को लेकर एथिक्स कमेटी ने भी संज्ञान लिया था, जिससे मुद्दा और गंभीर हो गया।
दानिश सिद्दीकी की स्मृति में सम्मान
यह अवॉर्ड पुलित्जर विजेता दिवंगत फोटो जर्नलिस्ट Danish Siddiqui की याद में ‘डीएस फाउंडेशन’ द्वारा दिया जाता है।
पहले भी मिल चुका है सम्मान
हाल ही में आकोदिया और भास्कर के विजयपाल जूडी को इसी खोजी रिपोर्ट के लिए रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।
क्या कहा अवधेश आकोदिया ने?

इस प्रतिष्ठित पत्रकारिता पुरस्कार को प्राप्त कर मैं अत्यंत सम्मानित और विनम्र महसूस कर रहा हूँ। यह सम्मान भारत के पुलित्जर पुरस्कार विजेता पत्रकार Danish Siddiqui की स्मृति में स्थापित किया गया है। इसके लिए मैं Danish Siddiqui Foundation और सम्मानित ज्यूरी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
मैं अपने संस्थान Dainik Bhaskar ग्रुप का भी दिल से धन्यवाद करता हूँ, जिसने मुझे ऐसे बड़े और प्रभावशाली विषयों पर काम करने का मंच और अवसर दिया। हमारे नेशनल एडिटर LP Pant सर का विशेष आभार, जो हमें हमेशा जुनून के साथ और निडर होकर रिपोर्टिंग करने के लिए प्रेरित करते हैं।
अंत में, मैं अपने सभी सहकर्मियों, दोस्तों और शुभचिंतकों का धन्यवाद करता हूँ, जो हर समय मेरे साथ खड़े रहे। कृपया आगे भी इसी तरह प्रोत्साहन और समर्थन देते रहें।


