नीरेंद्र नागर-
भारत-चीन सीमा विवाद के मामले में आपने एक नाम सुना-पढ़ा होगा McMahon Line जिसे हिंदी में मैकमोहन रेखा लिखा जाता है। यह भारत और तिब्बत की बीच की वह सीमा रेखा है जिसपर 1914 की शिमला वार्ता में तत्कालीन तिब्बती और ब्रिटिश वार्ताकारों में सहमति बनी थी। McMahon Line पर आगे चलकर असहमतियाँ भी उभरीं। 1949 में चीन में सत्ता में आई कॉम्युनिस्ट सरकार ने इसे यह कहकर स्वीकार नहीं किया कि तिब्बत को इस तरह का समझौता करने का अधिकार नहीं था।
भारत-तिब्बत सीमा रेखा का यह नाम तत्कालीन ब्रिटिश विदेश मंत्री Henry McMahon के नाम पर पड़ा है जो ब्रिटिश वार्ताकारों का नेतृत्व कर रहे थे।
ख़ैर, ये सब राजनीति की बातें हैं जिनको हम यहीं छोड़ते हैं और अपने मुख्य काम पर आते हैं जो है हिंदी मीडिया में प्रचलित शब्दों और नामों को जाँचना-परखना।
इस कड़ी में आज हम जानेंगे कि McMahon का सही उच्चारण क्या है। मैंने इंटरनेट सर्च किया तो पता चला कि इस शब्द पर हिंदी मीडिया में ज़रा भी दुविधा नहीं है। आजतक और न्यूज़ 18 से लेकर नवभारत टाइम्स और बीबीसी तक सभी इसे मैकमोहन लिख रहे हैं।
लेकिन आप ही सोचिए, क्या McMahon को मैकमोहन लिखना सही है! फ़ैसला करने के लिए इसकी अंग्रेज़ी स्पेलिंग पर ग़ौर फ़रमाएँ। इस नाम के शुरुआती हिस्से में Mc है जिसका उच्चारण मक होता है। बाद के हिस्से में भी MAhOn है, MOhAn नहीं।
तो फिर इसका उच्चारण मैकमोहन कैसे हो सकता है? है भी नहीं। इसका सही उच्चारण है मकमान या मकमैन यानी McMahon Line को लिखा जाना चाहिए मकमान रेखा या मकमैन रेखा।
McMahon का उच्चारण मकमान या मकमैन इसलिए कि अंग्रेज़ी में ah वाले शब्दों में h साइलंट रहता है और ah का उच्चारण ‘आ’, ‘ए’ या ’ऐ’ होता है। मिसाल के तौर पर ये शब्द देखें जिनमें ah लगा हुआ है।
- Ah=आ
- Yah=या
- Yeah=ये
- Blah=ब्ला
- Woah=हो/वो
- Dahlia=डेलिआ/डेल्या
- Cheetah=चीता
- Hallelujah=हैलिलूया
McMahon को मैकमोहन लिखने के पीछे दो कारण नज़र आते हैं। एक, हिंदी के पत्रकार अंग्रेज़ी के अख़बार नहीं पढ़ते जैसे पहले पढ़ा करते थे। इसलिए कइयों को तो इसकी सही स्पेलिंग ही नहीं मालूम होगी। जिनको स्पेलिंग मालूम होगी, वे भी मशहूर बॉलिवुड ऐक्टर मैक मोहन (Mac Mohan) के नाम से इतने प्रभावित होते होंगे कि उन्हें लगता होगा कि यही सही उच्चारण है।
आपमें से कई लोग शायद जानते होंगे कि मैक मोहन का असली नाम Mohan Makijani था। अपने नाम को आकर्षक और स्वीकार्य बनाने के लिए ही उन्होंने अपने सरनेम (Makijani) के शुरुआती हिस्से (Mak/Mac) को अपने फ़िल्मी नाम का पहला हिस्सा बना दिया; हो गए मैक मोहन।
पिछली शब्दचर्चा…
शब्दचर्चा (63) : मीडिया में दो तरह से छप रहा पूर्वी अफ़्रीका का देश इथियोपिया है या इथोपिया?


