कानपुर : कमिश्नरेट के थाना किदवई नगर में विधवा महिला का मकान कब्जाने के मामले में पुलिस ने प्रेस क्लब के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज अवस्थी और मुंतजिर अली को स्पेशल मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया.
नीरज पर जूही लाल कालोनी निवासी राबिया बेगम ने, 4 वर्ष पूर्व 2019 में पति की मौत के बाद 530 गज का प्लाट कब्जा करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था. नीरज के साथ प्रदीप श्रीवास्तव और मुंतजिर अंसारी नामजद तथा 50 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई थी.

मकान कब्जा करने के बाद नीरज ने उसमें किराएदार रख दिए थे. पीड़िता का कहना है कि उस समय इनके रसूख और स्थानीय आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों द्वारा दबाव बनाने पर डर की वजह से शिकायत नहीं की थी. इन लोगों की दहशत के चलते वह फर्रुखाबाद में छुपकर रह रही थी.
थाना प्रभारी किदवई नगर बहादुर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी नीरज अवस्थी, प्रदीप श्रीवास्तव, मुंतजिर अंसारी समेत 40 से 50 पत्रकारों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है, साथ ही साथियों के बारे में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
रो पड़ा अवनीश दीक्षित
अमृत विचार अख़बार की वेबसाइट पर छपी एक खबर के अनुसार, कानपुर प्रेस क्लब का पूर्व अध्यक्ष अवनीश दीक्षित पुलिस के सामने रो पड़ा. मामला तब का बताया जा रहा, जब अवनीश 10 दिन के पुलिस रिमांड पर था. सूत्रों के अनुसार रिमांड पर अवनीश ने कहा कि वह भी पुलिस परिवार से है. उसने हमेशा पुलिस की मदद की है. पुलिस के भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि, हाल ही में एक इंस्पेक्टर की पोस्टिंग अवनीश ने कराई थी.
रिमांड के समय उसके सामने आते ही अवनीश रो पड़ा. उसने कहा, भाई साहब आप ही कुछ मदद कराइये. उसने लखनऊ से आने के दौरान इंस्पेक्टर की मदद करने की दुहाई भी दी.
फरार आरोपियों पर बढ़ी इनाम की राशि
इनपुट है कि पुलिस ने फरार आरोपियों अली अब्बास, विसेंट विक्रम उर्फ विक्की चार्ल्स, संदीप शुक्ला, अर्पण एरियल, नौरिस एरियल, कमला एरियल, अभिषेक एरियल उर्फ सोनू, हरेंद्र मसीह, जितेश झा पर रखी गई इनाम की 25 हजार की धनराशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है. इसके साथ ही धारा 82 की कार्रवाई भी की जाएगी.
रिलेटेड पोस्ट…
कानपुर प्रेस क्लब से जुड़े कई पत्रकारों की लगी लंका, 50 से ज्यादा पर मुकदमा, दो गिरफ्तार


