भारतीय मनोरंजन जगत के चर्चित लेखक और निर्देशक राज शांडिल्य ने अपनी सफलता की यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ लिया है। राज शांडिल्य अब News India 24×7 न्यूज चैनल के साथ बतौर वाइस चेयरमैन (Vice Chairman) जुड़ गए हैं।
राज शांडिल्य की नियुक्ति से चैनल को एक नई रचनात्मक दृष्टि और जनमानस तक पहुंचने की अद्भुत कला मिलने की उम्मीद है। उनके अनुभव का लाभ अब पत्रकारिता और समाचार प्रसारण के क्षेत्र में देखने को मिलेगा।
कॉमेडी से लेकर ब्लॉकबस्टर फिल्मों तक का सफर : राज शांडिल्य किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी कलम और निर्देशन के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।
शानदार लेखन: उन्होंने मशहूर शो कॉमेडी सर्कस के लिए हजारों स्क्रिप्ट लिखीं। इसके अलावा वेलकम बैक और फ्रीकी अली जैसी फिल्मों के बेहतरीन डायलॉग्स भी उन्हीं की कलम से निकले हैं।
सफल निर्देशन: निर्देशक के तौर पर उन्होंने आयुष्मान खुराना के साथ ‘ड्रीम गर्ल’ और ‘ड्रीम गर्ल 2’ जैसी सुपरहिट फिल्में दीं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों का कारोबार किया।
हालिया चर्चा: हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ के जरिए उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि वे आम जनता की नब्ज पहचानते हैं।
चैनल के चेयरमैन विजेंद्र सिंह का मानना है कि राज की रचनात्मकता और काम करने के नए तरीके से न्यूज़ इंडिया 24×7 आने वाले समय में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा । जल्द ही न्यूज इंडिया नई प्रोग्रामिंग के साथ नजर आयेगा

नोएडा से संचालित HNN न्यूज़ चैनल के हेड आशीष सिन्हा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बतौर चैनल हेड आशीष सिन्हा का यह कार्यकाल न केवल उपलब्धियों भरा रहा, बल्कि उन्होंने अपनी कार्यशैली से संस्थान में एक ‘वर्क कल्चर’ की नई मिसाल पेश की।
बातचीत में आशीष सिन्हा ने अपने इस्तीफे की जानकारी दी है।
आशीष सिन्हा, जो इससे पहले विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में नंबर 2 या 3 की महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं, उनके लिए HNN न्यूज़ का यह सफर बतौर ‘कैप्टन’ पहला और बेहद प्रभावशाली अनुभव रहा।
अपने इस्तीफे के साथ ही आशीष सिन्हा ने मैनेजमेंट के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से संस्थान की ग्रुप सीईओ सुलेखा जी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा एक बड़ी बहन और दोस्त की तरह साथ दिया। आशीष ने साझा किया कि सुलेखा जी ने उनके हर फैसले पर आंख बंद करके भरोसा किया, जो किसी भी लीडर के लिए काम करने की सबसे बड़ी आजादी होती है।
वहीं, डायरेक्टर निर्दोष सहरावत जी के योगदान को सराहते हुए उन्होंने कहा कि निर्दोष जी ने हमेशा एक बड़े भाई की तरह ढाल बनकर उनका साथ दिया और हर मुश्किल चुनौती में उनके पीछे मजबूती से खड़े रहे।


