Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (पार्ट 4): बंगाल के प्रसिद्ध निर्देशक का नाम सत्यजित राय या सत्यजीत रे?

बंगाल के विश्वप्रसिद्ध फ़िल्म निर्देशक का सरनेम हिंदी अख़बारों और वेबसाइटों में चार तरह से लिखा जाता है। सत्यजित रे, सत्यजीत रे, सत्यजित राय और सत्यजीत राय।

यानी पहले नाम को कोई ‘सत्यजित’ लिख रहा है तो कोई ‘सत्यजीत’। इसी तरह सरनेम कोई ‘रे’ लिख रहा है तो कोई ‘राय’।

नवभारत टाइम्स, अमर उजाला और वेबदुनिया सत्यजीत रे लिख रहे हैं तो जागरण और जनसत्ता सत्यजित राय। न्यूज़ 18 नाम में सत्यजीत लिख रहा है और सरनेम में राय।’ (देखें चित्र)।

आज हम जानेंगे कि उनके नाम और सरनेम की सही स्पेलिंग क्या है।

अब चूँकि मानिक दा ख़ुद तो रहे नहीं सो हम उनसे तो नहीं पूछ सकते कि आपके नाम और सरनेम का सही उच्चारण क्या है लेकिन वे जिस राज्य (यानी पश्चिम बंगाल) से थे और जिस भाषा (यानी बांग्ला) में उन्होंने सर्वाधिक काम किया, उससे पता चल सकता है कि वहाँ उनका पूरा नाम कैसे लिखा जाता है।

बांग्ला फ़िल्म मीडिया में उनका नाम ‘सत्यजित्’ और सरनेम ‘राय’ (সত্যজিৎ রায়) लिखा जाता है (देखें चित्र)। उनके विकिपीडिया पेज पर भी ‘सत्यजित् राय’ ही है (देखें चित्र- सबसे ऊपर)। बांग्ला में आप जिस किसी भी व्यक्ति से बात करेंगे, वह सत्यजित् राय ही बोलेगा।

यानी सही नाम ‘सत्यजित्’ है, न कि ‘सत्यजीत’ और सरनेम ‘राय’ है, न कि ‘रे’। चूँकि हिंदी में अंतिम वर्ण के साथ हलचिह्न अब नहीं लगाया जाता सो सत्यजित् को सत्यजित लिखा जा सकता है।

सत्यजित् का हिंदी में सत्यजीत कैसे हुआ, यह समझने के लिए आपको हिंदी का ट्रेंड समझना होगा। संस्कृत में जिन-जिन शब्दों के अंत में ‘जित्’ है, उसे हिंदी में ‘जीत’ कर दिया गया क्योंकि हिंदी में ‘जीत’ और ‘जीतना’ शब्द हैं। इसी कारण विश्वजित् का विश्वजीत, इंद्रजित् का इंद्रजीत और सत्यजित् का सत्यजीत हो गया।

मगर ‘राय’ के ‘रे’ होने में हिंदी की नहीं, अंग्रेज़ी की भूमिका है। राय की अंग्रेज़ी स्पेलिंग RAY है। अंग्रेज़ी में किरण के लिए जो शब्द इस्तेमाल होता है, उसकी भी यही स्पेलिंग है और उसका उच्चारण ‘रे’ है। इसलिए देशी-विदेशी अंग्रेज़ी फ़िल्म जगत उसे ‘रे’ बोलने लगा। जब कुछ हिंदीभाषियों ने अंग्रेज़ी मीडिया या टीवी पर उनका नाम सत्यजित ‘रे’ सुना तो बिना यह जाँच किए हुए कि उनके सरनेम का असल उच्चारण क्या है, ‘रे’ ही लिखना शुरू कर दिया।

सत्यजित ‘रे’ नाम का इतना असर हुआ कि बंगाल के एक पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धार्थ शंकर ‘राय’ को भी कई दिल्ली वाले सिद्धार्थ शंकर ‘रे’ बोलते थे।

सत्यजित राय की बात चली तो उनकी एक कालजयी फ़िल्म की भी बात कर ली जाए जिसका नाम लोग ग़लत लिखते हैं। वह ‘पथेर पाँचाली’ है, ‘पाथेर पाँचाली/पांचाली’ नहीं जैसा कि नवभारत टाइम्स में लिखा आप देख सकते हैं। इसका मतलब है ‘राह का गीत’।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन