गुरिल्ला वॉर यानी गुरिल्ला युद्ध, जानते हैं क्या और कैसे होता है? चलिए पहले यही बता देते हैं. गुरिल्ला युद्ध शब्द का जन्म 19वीं शताब्दी के आस-पास हुआ था. इसमें विरोधी से आमने-सामने की लड़ाई से बचा जाता है. अपने विरोधी पर छुपकर हमला करना फिर गायब हो जाना और अचानक से हमला कर फिर दाएं-बाएं हो जाने की कला गुरिल्ला युद्ध के तौर पर जानी गई.
आगरा के पत्रकारों के बीच भी इन दिनों इसी टाइप गुरिल्ला युद्ध छिड़ा है. वॉर के केंद्र में आगरा दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ हिमेश विथरिया और एक स्वतंत्र पत्रकार सुमित बंसल हैं. इनपुट है कि सुमित बंसल ने हिमेश द्वारा धमकाए जाने के बाद उनपर मुकदमा ठोक दिया है. सुमित द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद हिमेश विथरिया ने अपने ड्राइवर शिवालय के माध्यम से सुमित सिंघल पर भी मुकदमा दर्ज कराया है.
पूरा किस्सा क्या है?
आगरा निवासी स्वतंत्र पत्रकार सुमित बंसल ने कुछ दिन पहले फेसबुक पर एक पोस्ट की थी. यह पोस्ट किसी नीरज रावत नाम के व्यक्ति की थी, जिसे बंसल ने कॉपी पेस्ट कर शेयर की थी. पोस्ट में लिखा गया था कि, “आगरा में भी एक दैनिक अखबार नोएडा संस्करण के आगरा ब्यूरो ने खुद को संपादक बताकर सत्ता वाली पार्टी के एक नेता से लगभग 25 लाख रुपये ले लिए. उसमें दोनों तरफ से मारपीट हुई और मुकदमा भी, पुलिस भर्ती के नाम भी इस पत्रकार द्वारा पैसे लिए गए, जगह जगह फर्जी प्रेस कार्ड बनाकर रिपोर्टर नियुक्त कर दिए हैं. जो लोगों को धमकाते फिरते हैं.”

यह पोस्ट संभल में दैनिक भास्कर के पत्रकार द्वारा पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक को ठग लेने से संबंधित थी, जिसे सुमित बंसल ने शेयर किया था.
बताया जा रहा है कि इस पोस्ट को लेकर दैनिक भास्कर के आगरा-अलीगढ़ इंचार्ज हिमेश विथरिया आगबबूला हो गए. उन्होंने अपने एक सहयोगी सचिन के जरिए सुमित को फोन लगवाकर दर्द झेलने और घर में घुसकर मारने की धमकी दी. ऐसा स्वतंत्र पत्रकार सुमित बंसल का आरोप है.
जब भास्कर ब्यूरो चीफ ने बंसल को धमकाया तो बंसल की तरफ से कमिश्नरेट आगरा के थाना जगनेर में मुकदमा संख्या- 80/2024, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 351(2) के तहत एफआईआर पंजीकृत कराई गई. इस FIR में बंसल ने भास्कर ब्यूरो चीफ हिमेश द्वारा घर में घुसकर मारने संबंधी बात लिखाई है. देखें सुमित बंसल की एफआईआर…


इसके बाद एक FIR आगरा के थाना सदर बाजार में शिवालय नाम के व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई जाती है सुमित बंसल के खिलाफ, गुरिल्ला युद्ध के तहत. इसका मुकदमा संख्या- 416/2024 है, जिसमें धारा 126(2), 115(2), 191(2), 352, 351(2) व 3(2)(va) दर्ज कराई गई है. बंसल का कहना है कि शिवालय नाम का शख्स भास्कर ब्यूरो चीफ हिमेश विथरिया का ड्राइवर है जो खुद को पत्रकार कहकर परिचित कराता है. देखें शिवालय की तरफ से दर्ज एफआईआर…



सुमित बंसल और हिमेश विथरिया के ड्राइवर शिवालय द्वारा दर्ज कराई गई यह दोनों एफआईआर 17 जुलाई 2024 की हैं.
नीचे धमकी वाली खबर और खबर में दिया गया ऑडियो भी सुनें….
दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ ने रिपोर्टर को दी घर में घुसकर मारने की धमकी, सुनें ऑडियो
मूल खबर जिसे लेकर पूरा रायता बिखरा, वह नीचे पढ़ें…
पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर दैनिक भास्कर के रिपोर्टर ने की ठगी, FIR


