हेमंत पांडेय-
भारत में सोशल मीडिया के चलते हर घटना का पहला संस्करण इंटरनेट से आता है भले ही वह सच हो या झूठ। अक्सर एक फोटो, 10–20 सेकंड का वीडियो या किसी नेता की आवाज़ की क्लिप पूरे देश की राय बदल देती है। डीपफेक ने स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। लेकिन यह स्थिति पत्रकारों के लिए डर नहीं, बल्कि सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के नए अवसर पैदा करती है, अगर वे AI आधारित Fact-Checking को अपने दैनिक वर्कफ़्लो का हिस्सा बना लें। आज भारत के पत्रकारों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है। हम इस झूठ के तूफ़ान को रोकें कैसे? इसका जवाब AI है। इससे सही प्रक्रिया और तेज़ जांच है।
हर फोटो का तुरंत सत्यापन कैसे करें?
फेक फोटो सबसे तेजी से फैलती हैं, इसलिए पत्रकारों को किसी भी तस्वीर का तुरंत और भरोसेमंद सत्यापन करना चाहिए। सबसे पहले फोटो को Reverse Image Search में Google Images, Yandex या Bing पर जांचें। इससे तुरंत पता चलता है कि तस्वीर पहले कब और कहाँ दिखाई दी थी। इसके बाद फोटो को InVID प्लगइन में डालें, जिससे उसके फ्रेम साफ दिखाई देते हैं, मेटाडेटा पढ़ा जा सकता है और असली लोकेशन या तारीख का अनुमान मिल जाता है। साथ ही Google Lens में फोटो चलाकर बैकग्राउंड की पहचान करें जैसे साइनबोर्ड, नंबर प्लेट, इमारतें, भाषाएँ या सड़कें, जो असली स्थान का संकेत देती हैं। यह प्रक्रिया इसलिए जरूरी है क्योंकि भारत में लगभग 70% फेक न्यूज़ पुरानी या दूसरी जगह की तस्वीर को नए संदर्भ में पेश कर वायरल की जाती है।
हर वीडियो की फ्रेम-दर-फ्रेम जांच ऐसे करें?
वायरल वीडियो लोगों पर सबसे तेज़ असर डालते हैं, इसलिए उनकी सटीक जांच पत्रकारों के लिए बेहद जरूरी है। किसी भी संदिग्ध वीडियो को सबसे पहले InVID में डालें, जहां यह अपने आप कई साफ फ्रेम में टूट जाता है। इन फ्रेमों को Reverse Image Search में चेक करें, जिससे तुरंत पता चल सकता है कि वीडियो पुराना है या किसी दूसरी घटना से जोड़कर फैलाया जा रहा है। इसके बाद वीडियो की लोकेशन की पुष्टि करें। Google Maps और Street View की मदद से बैकग्राउंड में दिख रहे बोर्ड, सड़क, इमारतें या वाहन मिलान किए जा सकते हैं। इस प्रक्रिया से वीडियो की असल जगह और समय का साफ अंदाज़ा मिलता है, जिससे यह तय करने में आसानी होती है कि वीडियो असली है या भ्रामक।
डीपफेक और एडिटेड वीडियो की पहचान का सरल तरीका
फेक या एडिटेड वीडियो पहचानने का सबसे आसान तरीका है ऑडियो और वीडियो के तालमेल को ध्यान से देखना। यदि होंठों की हरकत और आवाज़ एक-दूसरे से मेल नहीं खाते, तो यह साफ संकेत है कि वीडियो एडिटेड या आंशिक रूप से फेक हो सकता है। दंगे, विरोध प्रदर्शन, राजनीतिक रैलियों या आपदाओं के समय ऐसे वीडियो खूब फैलाए जाते हैं, जिनमें अक्सर पुरानी फुटेज को नई घटना का बताकर वायरल किया जाता है। यह पैटर्न समझना पत्रकारों का समय बचाता है और तेजी से तथ्य सामने लाने में मदद करता है।
डीपफेक वीडियो की पहचान भी इसी तरह संभव है। पत्रकार कुछ छोटे संकेत देखकर ही शक कर सकते हैं। जैसे आवाज़ और होंठों का mismatch, आंखों की पलक झपकने में अनैसर्गिकता, चेहरे पर रोशनी का बैकग्राउंड से अलग होना, या चेहरे की भाव-भंगिमा का असामान्य दिखना। असली चेहरे में माइक्रो-मूवमेंट लगातार और प्राकृतिक होते हैं, जबकि डीपफेक इन्हें पूरी तरह दोहरा नहीं पाते है। इसके अलावा, TrueMedia, Deepware, Hive और Google Deepfake Scanner जैसे AI टूल पत्रकारों को वीडियो को तेजी से स्कैन करने में मदद करते हैं। कई टूल मुफ्त या ट्रायल में उपलब्ध हैं, जिससे जांच प्रक्रिया और भी सरल हो जाती है।
न्यूज़रूम में मानक AI वेरिफिकेशन सिस्टम की जरूरत
आज हर न्यूज़रूम को एक मजबूत AI Fact-Checking Desk की जरूरत है, ताकि वायरल कंटेंट की तुरंत और सटीक जांच की जा सके। इस डेस्क का पहला काम होता है सोशल मीडिया से आए किसी भी फोटो या वीडियो की प्राथमिक जांच करना। इसके बाद वह कंटेंट के सोर्स को ट्रैक करता है, यानी पहली बार यह कहाँ दिखा था। फिर AI टूल्स की मदद से वीडियो में डीपफेक के संकेत खोजे जाते हैं और फोटो या वीडियो का मेटाडेटा पढ़कर उसकी लोकेशन और समय का मिलान किया जाता है। अंत में यही डेस्क रिपोर्टरों को तुरंत सही इनपुट देता है, ताकि गलत जानकारी पब्लिश न हो। इसके लिए InVID, Google Lens, Yandex, Deepware, Hive, Forensically और BEL का Fake News Detector जैसे टूल बेहद उपयोगी साबित होते हैं।
10 मिनट का वेरिफिकेशन फॉर्मूला अपना सकते हैं
वायरल कंटेंट की तेजी से जांच करने के लिए पत्रकार ’10 मिनट फॉर्मूला’ अपना सकते हैं। सबसे पहले 2 मिनट Reverse Image Search में लगाएँ और फिर 2 मिनट Google Lens से फोटो या वीडियो के बैकग्राउंड की पहचान करें। इसके बाद 3 मिनट InVID में फ्रेम एक्सट्रैक्शन कर वीडियो के हर फ्रेम को जांचें। फिर 2 मिनट Google Maps या Street View से लोकेशन का मिलान करें। आखिर में 1 मिनट डीपफेक AI स्कैन पर दें। इस प्रक्रिया से अधिकांश फेक कंटेंट तुरंत पकड़ में आ जाता है।
ग्राउंड रिपोर्टरों और डेस्क टीम के बीच तेज़ संचार
फेक न्यूज़ का सबसे आम तरीका है किसी दूसरे प्रदेश, देश या पुरानी घटना के वीडियो को नया बताकर वायरल करना। इसे रोकने के लिए डेस्क और ग्राउंड रिपोर्टरों के बीच तेज़ संचार बेहद जरूरी है। जैसे ही संदिग्ध वीडियो आए, डेस्क उसकी संभावित लोकेशन का अनुमान लगाकर तुरंत संबंधित शहर या जिले के रिपोर्टर को भेज दे कि क्या यह जगह आपके इलाके जैसी दिखती है? रिपोर्टर मौके की ताज़ा फोटो या वीडियो भेजकर तुरंत पुष्टि कर सकता है। AI वेरिफिकेशन और ग्राउंड इनपुट मिलकर कुछ ही मिनटों में सच्चाई साफ कर देते हैं।
पुलिस और मीडिया, संयुक्त ट्रेनिंग मॉडल अपना सकते हैं
राजस्थान पुलिस और ISB द्वारा आयोजित डीपफेक वर्कशॉप का मॉडल पूरे देश के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। ऐसी संयुक्त ट्रेनिंग पत्रकारों को डीपफेक पहचान की बारीकियाँ, वीडियो फ्रेम विश्लेषण, साइबर अपराधियों की नई तकनीकें, व्हाट्सऐप पर फैलने वाली फेक न्यूज़ की ट्रैकिंग और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सिखाती है। जब पुलिस की तकनीकी समझ और मीडिया की ग्राउंड जानकारी साथ आती है, तो misinformation को 60–70% तक रोका जा सकता है, और सच्चाई कहीं अधिक तेजी से सामने लाई जा सकती है।
पत्रकारों के लिए ‘फैक्ट-चेकिंग एथिक्स’ का मिनी-कोड
आज के माहौल में पत्रकारों के लिए एक स्पष्ट फैक्ट-चेकिंग एथिक्स अपनाना बेहद जरूरी है। सबसे पहले, बिना वेरिफिकेशन किसी भी फोटो, वीडियो या दावे को पब्लिश नहीं करना चाहिए। AI के दिए परिणाम को भी अंतिम सत्य नहीं मानना चाहिए, बल्कि उसे एक शुरुआती संकेत की तरह देखना चाहिए। हर वायरल कंटेंट का पहला सोर्स खोजें और उसकी टाइमलाइन समझें। संवेदनशील कंटेंट को कम से कम 30 मिनट रोककर दोबारा जांचें। साथ ही, पाठकों को यह भी सिखाएँ कि गलत सूचना कैसे पहचानी जाती है। यही आधुनिक पत्रकारिता की जिम्मेदारी और असली धर्म है।
आम लोगों को भी सिखाएँ यह जिम्मेदारी भी पत्रकारों की है
पत्रकारों की भूमिका सिर्फ फैक्ट-चेक करने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को यह सिखाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि वे गलत सूचना का शिकार न बनें। आम नागरिकों को समझाना जरूरी है कि किसी भी फोटो को देखकर तुरंत विश्वास न करें, किसी वीडियो को देखकर भावनाओं में न बहें और किसी भी वायरल कंटेंट को बिना सोचे-समझे आगे न भेजें। न्यूज़रूम छोटे-छोटे जागरूकता वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर ऐसे सरल टिप्स साझा कर सकते हैं, फेक न्यूज़ की पहचान कैसे करें?, 5 सेकंड में फोटो की सच्चाई कैसे जानें, या डीपफेक से कैसे बचें? ऐसे प्रयास समाज को डिजिटल रूप से अधिक जागरूक और मजबूत बनाते हैं।
पत्रकार AI से सशक्त हो रहे हैं लेकिन जरूरत सिर्फ़ सही उपयोग की है
इमेज वेरिफिकेशन, वीडियो विश्लेषण, डीपफेक पहचान और तेज़ फैक्ट-चेकिंग तकनीकें भारतीय पत्रकारों को वह क्षमता दे रही हैं, जो कुछ साल पहले संभव ही नहीं थी। असली सवाल यह है कि क्या हम इस तकनीक का सही उपयोग कर पा रहे हैं, क्या न्यूज़रूम इसे गंभीरता से अपना रहे हैं और क्या पत्रकार इसे अपनी कार्यशैली का नियमित हिस्सा बना रहे हैं। यदि इन सवालों का जवाब हाँ है, तो फेक न्यूज़ चाहे कितनी भी तेजी से फैले, भारतीय पत्रकार उतनी ही तेजी और मजबूती से सच्चाई सामने लाएँगे और लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बने रहेंगे।



