पुष्प रंजन-
सियासत और विरासत। पवार कुनबा एक होगा, या अलग-अलग अस्तित्व बना रहेगा?
अजित पवार के गुट में 41 विधायक हैं, केंद्र में उनकी बेवा सुनेत्रा पवार को मंत्री बनने का इंतज़ार है. महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री पद की दावेदारी बनी रहेगी। राकांपा में अजित पवार के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार, बेटा पार्थ पवार और जय पवार हैं। सबकी नज़र इन तीनों पर है.
बारामती में अपनी ननद सुप्रिया सुले से चुनाव हारने के बाद सुनेत्रा पवार राज्यसभा में पार्टी की ओर से एकमात्र सांसद हैं, जिन्हें अब भी केंद्र में मंत्री पद की आशा है. बड़ा बेटा पार्थ पवार भी विधानसभा चुनाव हार चुका है। छोटे बेटे जय पवार ने अब तक राजनीति से दूरी बना रखी है।
पिछले लोकसभा चुनाव में परिवार का अंदरूनी विभाजन स्पष्ट रूप से सामने आया था. अजीत पवार के बड़े भाई श्रीनिवास, जिन्होंने 2019 में उनके पहले विद्रोह के दौरान उनका समर्थन किया था, ने सर्वोच्च पवार का साथ दिया। श्रीनिवास के बेटे युगेंद्र पवार ने तब कुछ पत्रकारों को बताया था कि उनके पिता शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले के खिलाफ एनसीपी उम्मीदवार के रूप में अजित पवार द्वारा अपनी पत्नी सुनेत्रा को मैदान में उतारने के फैसले से नाराज थे। “मेरे पिता की मुख्य आपत्ति यह थी, कि परिवार के किसी सदस्य को उम्मीदवार न बनाया जाए।”
लोकसभा में लगातार चौथी बार चुनाव लड़ रही सुले ने परिवार के समर्थन के महत्व को स्वीकार किया, और हर भाषण में मंच से उनका आभार व्यक्त किया, जिससे जनता को यह संकेत मिला कि अजीत पवार कम से कम परिवार के भीतर तो अलग-थलग पड़ गए हैं।
तो क्या अब पवार परिवार में एका के प्रयास होंगे? दूसरी तरफ राकांपा (एसपी) की ओर से शरद पवार के बाद सुप्रिया सुले उनकी विरासत की उत्तराधिकारी, जबकि रोहित पवार उभरते सितारे के तौर पर देखे जाते हैं। ऐसे में शरद गुट के लिए भी राकांपा पर नियंत्रण, और फिर अजित के बराबर का नेता ढूंढना मुश्किल होगा।
सुबह से इसकी चर्चा हो रही है, कि महाराष्ट्र में कौन बन सकता है राकांपा फ्रंट लाइन का चेहरा और डिप्टी सीएम पद का दावेदार? चार ऐसे फैक्टर हैं, जो चर्चा के केंद्र में हैं-
- सुनेत्रा पवार
अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को इस पद के लिए एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वह वर्तमान में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं। जून 2024 में उन्हें प्रफुल्ल पटेल द्वारा खाली की गई राज्यसभा सीट पर निर्विरोध चुना गया था।हालांकि, सुनेत्रा के पास सियासी अनुभव की कमी है, साथ ही अजित पवार जैसा जनसमर्थन न उनके पास है, न उनके दोनों बेटों के पास। - पार्थ पवार
अजीत पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार का नाम भी राकांपा के चेहरे के लिए चर्चा में है। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में वे भी जीत हासिल नहीं कर पाए थे। इसके बाद से ही वे राजनीति में कम सक्रिय रहे हैं। 2025 में पुणे के मुंधवा जमीन सौदे को लेकर भी उनका नाम चर्चा में आया था। हाल के दिनों में वे राजनीति में सक्रिय हुए हैं, लेकिन अपने पिता की तरह एक प्रभावशाली नेता के तौर पर अब तक पार्टी में स्थापित नहीं हैं।
- जय पवार
अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार हमेशा से ही राजनीति से दूर रहे हैं। उन्होंने कभी चुनाव नहीं लड़ा, वे मुख्य रूप से व्यवसाय से जुड़े बताए जाते हैं। वह मुंबई और बारामती के बीच समय बिताते हैं। - इन वरिष्ठ नेताओं की भूमिका की भी चर्चा
अजित पवार के गुट में 41 विधायक हैं, और बिना किसी स्पष्ट उत्तराधिकारी के डिप्टी सीएम पद के लिए पार्टी के किसी वरिष्ठ विधायक या नेता के नाम पर भी विचार किया जा सकता है। अजित पवार के अलावा राकांपा में कुछ वरिष्ठ नेताओं के प्रभाव की चर्चा चलती रही है। इनमें प्रफुल्ल पटेल, जयंत पाटिल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे जैसे नाम शामिल हैं।



