नीरेंद्र नागर-
इस स्तंभ में सबसे पहले हमने जिस नाम पर चर्चा की थी, वह था ISRAEL जिसे हिंदी मीडिया में कई तरह से लिखा जा रहा है – इजराइल/इज़राइल, इजरायल/इज़रायल और इसराइल/इसरायल। कई संस्थान ज/ज़/स को बिना स्वर के भी लिख रहे हैं इस तरह – ज्र, ज़्र और स्र।
जिस तरह ISRAEL का नाम कई तरह से लिखा जा रहा है, उसी तरह उसके प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu का नाम भी कई तरह से लिखा जा रहा है। उनके सरनेम यानी Netanyahu के मामले में तो हमें एकरूपता दिखती है लेकिन मुख्य नाम को लिखते समय संस्थान अलग-अलग रूप अपना रहे हैं।
जागरण, नवभारत टाइम्स, हिंदुस्तान, भास्कर आदि उसे बेंजामिन लिख रहे हैं तो अमर उजाला और पत्रिका न्यूज़ बेंजमिन।
NewsonAir एक अलग ही नाम लिख रहा है – बेन्यामिन यानी वह Benjamin के j का उच्चारण ‘ज’ नहीं, ‘य’ कर रहा है। बीबीसी हिंदी भी यही कर रहा है लेकिन वह बेन्यामिन नहीं, बिन्यामिन लिख रहा है यानी Ben का उच्चारण बेन् के बजाय बिन् कर रहा है।
आज की शब्दचर्चा में हम पता करेंगे कि इनमें से सही या निकटतम उच्चारण कौनसा है।
सही-ग़लत का फ़ैसला दो तरह से हो सकता है। अंग्रेज़ी में इस नाम का उच्चारण क्या है और हीब्रू (इसराइल की सरकारी भाषा) में इसका उच्चारण क्या है।
अंग्रेज़ी में इसका उच्चारण होगा बेंजमिन। इस हिसाब से अमर उजाला और पत्रिका न्यूज़ सही लिख रहे हैं। लेकिन हम किसी व्यक्ति का नाम लिखते समय उसके अंग्रेज़ी उच्चारण पर क्यों निर्भर हों, ख़ासकर तब जब कि वह ऐसे किसी देश का निवासी हो जहाँ की सरकारी या मूल भाषा अंग्रेज़ी नहीं, कुछ और हो।
जैसे इसराइल की सरकारी भाषा है हीब्रू और हीब्रू में इसका उच्चारण बेंजमिन नहीं, बिन्यामीन है। यानी क़रीब-क़रीब वही उच्चारण जो बीबीसी हिंदी में लिखा जा रहा है। अंतर बस यह है कि नाम के अंतिम भाग (syllable) MIN पर स्ट्रेस होने के कारण उसका उच्चारण ‘मीन’ जैसा होता है, न कि मिन जैसा (यहाँ क्लिक/टैप करके सुनें)।
निष्कर्ष यह कि Benjamin Netanyahu के नाम का हीब्रू भाषा के हिसाब से सही-सही लिप्यंतर होगा बिन्यामीन नेतन्याहू।
पिछली शब्दचर्चा…
शब्दचर्चा (65): Macaulay – न मेकाले, न मैकाले, न ही मैकॉले, तो सही क्या?



