चीन में इन दिनों Tianjin नामक शहर में 20 से अधिक देशों के नेताओं की बैठक हो रही है। इस शहर का नाम हिंदी मीडिया में मुख्यतः दो तरह से लिखा जा रहा है – तियानजिन और तिआनजिन। लेकिन ये दोनों उच्चारण ग़लत हैं। इसका सही उच्चारण है थ्येनजिन/त्येनजिन। यह सही स्पेलिंग मुझे केवल इंडिया टीवी की वेबसाइट पर दिखी।
थ्येन/त्येन का मतलब होता है स्वर्ग या आकाश और जिन का मतलब है क्रॉसिंग। इस तरह थ्येनजिन/त्येनजिन का मतलब हुआ एक ऐसी जगह जिसे पार करके आप स्वर्ग/आसमान तक पहुँच सकते हैं।
स्वर्ग और आकाश के अर्थ वाला यह वही थ्येन/त्येन है जो ऐतिहासिक Tiananmen square के नाम में भी है। आपको याद होगी 4 जून 1989 की वह भयावह घटना जब इसी चौक पर लोकतांत्रिक अधिकारों की माँग कर रहेहज़ारों छात्रों पर गोलियाँ बरसाकर चीनी सैनिकों ने न जाने कितनों की हत्या कर दी थी।
Tiananmen square को हिंदी मीडिया में कोई थ्येनआनमन चौक लिखता है तो कोई तियानमेन/थियानमेन चौक। इसका मूल चीनी उच्चारण है त्येनआँमेन/थ्येनआँमेन।
हिंदी मीडिया में चल रहे चीनी शहरों के ये नाम ग़लत होने के बावजूद मूल उच्चारण के कुछ तो क़रीब हैं लेकिन Shanghai का नाम तो मूल उच्चारण से बिल्कुल अलग ही लिखा जा रहा है।
आप जानते होंगे कि Shanghai के नाम पर ही उस संगठन का नाम रखा गया है जिसके तहत ये नेता मिल रहे हैं। अंग्रेज़ी में इसे कहते हैं Shanghai Cooperation Organization (SCO)। हिंदी में इसका अनुवाद किया जाता है शंघाई सहयोग संगठन।
लेकिन Shanghai का उच्चारण शंघाई नहीं है क्योंकि इसमें G और H अलग-अलग शब्दांशों (syllables) का हिस्सा हैं। Shanghai दरअसल Shang और Hai से मिलकर बना है। इसलिए इसका उच्चारण होगा शांग+हाइ=शांगहाइ। इसे शाङ्हाइ भी लिखा जा सकता है। नेपाली साइटों पर मुझे यह स्पेलिंग दिखी।
अंग्रेज़ी के जिन शब्दों/नामों में GH, TH, SH आदि होते हैं, वहाँ हम भारतीय अकसर ग़लतियाँ करते हैं। जैसे Ghost (गोस्ट) को घोस्ट और Birmingham (बर्मिंगम) को बर्मिंघम बोल देते हैं जबकि अंग्रेज़ी में ‘घ’ की ध्वनि है ही नहीं। इसलिए अंग्रेज़ी के किसी शब्द में जहाँ भी GH होता है, वहाँ उसका उच्चारण ‘ग’ ही होता है, ‘घ’ कभी नहीं होता।
लंदन की Thames (टेम्ज़) नदी को भी हिंदी मीडिया में कई जगहों पर थेम्स लिखा जाता है और Thomas (टॉमस) को थॉमस। इन दोनों ही शब्दों में TH का उच्चारण ‘ट’ होता है।
कुत्ते की एक नस्ल German Shepherd (जर्मन शेपर्ड) को भी कई लोग जर्मन शेफ़र्ड लिखते हैं।
अरबी शब्द इसहाक़ को भी उसकी रोमन स्पेलिंग (Ishaq) देखकर लोग इशाक़/इशाक कर देते हैं।
पिछली शब्दचर्चा…
शब्दचर्चा (32) : पाकिस्तान और चीन में ‘साठगांठ’ है या ‘सांठगांठ?



