Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

उत्तर प्रदेश

सहारा समय के पत्रकार के परिवार पर कोरोना का कहर

-विकास मिश्र-

मेरे बहुत पुराने साथी और छोटे भाई आलोक गुप्ता Alok Gupta के घर कोरोना की आफत टूट पड़ी है। अभी कुछ दिन पहले आलोक और उसकी पत्नी को कोरोना का संक्रमण हो गया था। वे दोनों तो सकुशल वापस आ गए, लेकिन अब आलोक के पिता डॉक्टर आरएन गुप्ता, आलोक की मां और छोटे भाई विजय को भी कोरोना संक्रमण हो गया है। तीनों लखनऊ के केजीएमयू में 30 जुलाई से ही भर्ती हैं।

आलोक की मां और उसका भाई तो ठीक है, शायद कुछ दिन में अस्पताल से बाहर भी आ जाएं, लेकिन पिताजी की हालत चिंतनीय है। उम्र 79 साल हो चुकी है। अस्पताल में उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। अस्पताल में देखभाल बहुत अच्छी तरह से हो रही है। उन्हें दो बार प्लाज्मा दिया जा चुका है। दिन में दो बार केजीएमयू उनकी सेहत का अपडेट भी दे रहा है, लेकिन पिताजी की तबीयत स्थिर है।

आलोक गुप्ता

आलोक लंबे समय से सहारा समय न्यूज चैनल का लखनऊ ब्यूरो चीफ है। 1996 में अपनी पहली नौकरी उसने मेरे साथ शुरू की, तब मैं विचार मीमांसा का ब्यूरो चीफ था और आलोक रिपोर्टर के तौर पर मेरे साथ जुड़ा था। पारिवारिक रिश्ते हो गए और गहराते चले गए। आलोक की मां ने कभी हम दोनों में अंतर नहीं किया। इतना स्वादिष्ट खाना बनाती हैं कि उन्हें याद करते ही उनके हाथों के स्वादिष्ट व्यंजनों की याद आ जाती है।

मेरी जब शादी हुई थी और पत्नी पहली बार लखनऊ आई थीं तो मम्मी ने उनसे नई बहू वाले सारे कार्यक्रम करवाए थे। हलवा बनवाया था, फिर बोलीं- अब रहने दो बेटा, बाकी मैं बना लूंगी।

गोरी-चिट्टी मम्मी, उनके माथे पर हरदम दमकता गहरे लाल रंग का सिंदूर और लाल रंग की बिंदी। ये उनकी जैसे पहचान है। हे ईश्वर..! उनकी इस पहचान पर कोई आंच न आने देना। आलोक के पिताजी ही उनके सिंगार हैं, उनके सब कुछ हैं। अभी पिछली 7 जुलाई को ही तो उनका जन्मदिन था। ये तस्वीर भी उसी वक्त ही है।

बहुत सारी यादें जुड़ी हैं इस परिवार से, मैं खुद को भी इसी परिवार का हिस्सा समझता हूं। आलोक ने बड़े भाई का सम्मान देने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी। मुस्कुराकर डांट भी खाई है। मैं जब भी लखनऊ जाता हूं, आलोक के घर पर ही रुकता हूं। दिल्ली की ट्रेन तक हर बार वही पहुंचाता रहा है। आलोक के पिताजी ही उसके लिए सबकुछ हैं। पिताजी का श्रवण कुमार है आलोक। मैं सपरिवार प्रार्थना कर रहा हूं, आप भी दुआ करें कि आलोक के पिताजी सकुशल कोरोना को मात देकर अस्पताल से बाहर आ जाएं।

आजतक न्यूज़ चैनल के वरिष्ठ पत्रकार विकास मिश्र की एफबी वॉल से

https://youtu.be/rM1tVLifETc
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
1 Comment

1 Comment

  1. आमिर किरमानी, पत्रकार, हरदोई

    August 6, 2020 at 9:29 pm

    बड़े दुख की बात है कि सहारा समय के ब्यूरो चीफ और मेरे बॉस श्री आलोक गुप्ता के पिताजी डॉ आर एन गुप्ता का दिनांक 5 अगस्त को निधन हो गया। भगवान आलोक जी और उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की क्षमता दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन